UP Floods: फतेहपुर में सर्पदंश से एक व्यक्ति की मौत
हरदोई, गोंडा, गाजीपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और औरैया में डूबने व मकान ढहने जैसी घटनाएं सामने आई हैं, जबकि फतेहपुर में सर्पदंश से एक व्यक्ति की मौत हुई। राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमें और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हैं। बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है, हालांकि हालात पर अभी पूर्ण नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। प्रयागराज में यमुना और गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है, मगर करेली, सलोरी, सदियापुर और गड्डा कॉलोनी जैसे इलाकों में अब भी पानी भरा हुआ है। नगर निगम द्वारा सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है, लेकिन अधिकांश बाढ़ पीड़ित राहत शिविरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं, उन्हें डर है कि पानी दोबारा न भर जाए और रातोंरात फिर पलायन न करना पड़े।
आठ जिलों में रेड अलर्ट, लखनऊ में स्कूल बंद
बदायूं, बलिया, वाराणसी, गाजीपुर, लखीमपुर, अयोध्या और मुरादाबाद सहित कई जिलों में नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने लखनऊ, अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, गोंडा और बहराइच समेत आठ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। लखनऊ में हालात को देखते हुए डीएम ने कक्षा आठ तक के सभी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत से गुजर रही मानसूनी ट्रफ लाइन और पश्चिमी विक्षोभ के कारण यूपी के कई हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं। लखीमपुर से लेकर अयोध्या और लखनऊ तक का क्षेत्र इस समय भारी बारिश के दायरे में है। बिजली गिरने, तेज हवाओं और मूसलधार वर्षा की आशंका बनी हुई है। कई जगहों पर बच्चे स्कूल जाते समय ही बारिश की चपेट में आ गए। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।





