Molitics Logo
होम राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट पर मचा बवाल, एकनाथ शिंदे ने बताया ‘अपमानजनक’

राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट पर मचा बवाल, एकनाथ शिंदे ने बताया ‘अपमानजनक’

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर सोशल मीडिया पोस्ट में “श्रद्धांजलि” |

राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट पर मचा बवाल, एकनाथ शिंदे ने बताया ‘अपमानजनक’
फोटो: Rahul Gandhi, media post creates ruckus,
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर सोशल मीडिया पोस्ट में “श्रद्धांजलि” शब्द का इस्तेमाल करने को लेकर कड़ी आपत्ति जताई। शिंदे ने इसे मराठा शासक का अपमान बताते हुए राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की। मुंबई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एकनाथ शिंदे ने कहा, "शिव जयंती पूरे देश और महाराष्ट्र में बड़े उत्साह से मनाई जाती है। लेकिन राहुल गांधी का बयान बेहद अपमानजनक है। यह केवल छत्रपति शिवाजी महाराज ही नहीं, बल्कि करोड़ों शिवभक्तों और पूरे महाराष्ट्र का अपमान है। उन्हें अपनी इस गलती के लिए माफी मांगनी चाहिए।" गौरतलब है कि राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर छत्रपति शिवाजी महाराज को "सादर नमन और विनम्र श्रद्धांजलि" अर्पित की थी, जिस पर शिंदे ने आपत्ति जताई।

शिवसेना नेता ने सावरकर के अपमान का भी लगाया आरोप


शिंदे ने राहुल गांधी पर हिंदुत्व विचारक वीर सावरकर का बार-बार अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज और वीर सावरकर का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। शिंदे और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज पर आधारित फिल्म "छावा" की विशेष स्क्रीनिंग में भाग लिया। इस फिल्म में अभिनेता विक्की कौशल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की स्क्रीनिंग का आयोजन शिवसेना नेता शाइना एनसी द्वारा किया गया था, जिसका उद्देश्य शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के अवसर पर मराठा शासक को श्रद्धांजलि देना था।

स्क्रीनिंग के दौरान एकनाथ शिंदे ने फिल्म निर्माताओं से आग्रह किया कि इसे मराठी भाषा में भी रिलीज किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें। शाइना एनसी ने कहा, "'छावा' फिल्म युवाओं को सही संदेश देगी, और शिवाजी महाराज की जयंती पर इसकी स्क्रीनिंग एक सार्थक पहल है।" इससे पहले, राहुल गांधी ने नए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) की नियुक्ति को लेकर मोदी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली समिति ने ज्ञानेश कुमार के नाम की सिफारिश की थी, जिसे राष्ट्रपति ने मंजूरी दी।

Read This Also:- लोगों का ध्यान महंगाई और बेरोज़गारी पर न जाए, इसलिए लोगों का ध्यान भटका रही योगी सरकार- राहुल गाँधी