Mukhtar Ansari Son Arrested: जाली दस्तावेज पेश करने का आरोप
गाजीपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, उमर अंसारी पर आरोप है कि उन्होंने उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम के तहत जब्त की गई अपने पिता की संपत्तियों को छुड़ाने के लिए अदालत में याचिका दाखिल की और उस दौरान जाली दस्तावेज़ प्रस्तुत किए। ये दस्तावेज कथित रूप से उनकी मां अफशां अंसारी के फर्जी हस्ताक्षर वाले थे। पुलिस के अनुसार, दस्तावेज़ों की जांच के दौरान फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ, जिसके बाद उमर के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज किया गया। अफशां अंसारी फरार हैं और उन पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित है।
उमर की गिरफ्तारी के बाद जांच तेज
पुलिस ने बताया कि अदालत में प्रस्तुत किए गए दस्तावेज़ों की फोरेंसिक और कानूनी जांच जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। उमर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका भी खंगालनी शुरू कर दी है। उमर अंसारी की गिरफ्तारी की पुष्टि उनके बड़े भाई और सुभासपा के पूर्व विधायक अब्बास अंसारी ने भी की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि पुलिस उनके भाई को हिरासत में लेकर चली गई है।





