Molitics Logo
होम ऑपरेशन सिंदूर पर कोलंबिया की टिप्पणी से भारत निराश, शशि थरूर ने जताई नाराज़गी

ऑपरेशन सिंदूर पर कोलंबिया की टिप्पणी से भारत निराश, शशि थरूर ने जताई नाराज़गी

थरूर ने कोलंबिया की टिप्पणी पर नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा हम कोलंबिया सरकार से निराश हैं उन्होंने भारत के निर्दोष नागरिकों की पीड़ा की बजाय उन लोगों के |

ऑपरेशन सिंदूर पर कोलंबिया की टिप्पणी से भारत निराश, शशि थरूर ने जताई नाराज़गी
फोटो: ऑपरेशन सिंदूर पर कोलंबिया की टिप्पणी से भारत निराश, शशि थरूर ने जताई नाराज़गी
कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता शशि थरूर भारतीय प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में जब कोलंबिया पहुँचे, तो वहां की सरकार की प्रतिक्रिया ने उन्हें और भारत को निराश कर दिया। कोलंबियाई सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में मारे गए आतंकियों पर संवेदना प्रकट की, जबकि भारत उनसे आतंकवाद से पीड़ित भारतीयों के प्रति सहानुभूति की अपेक्षा कर रहा था।

द हिंदू की एक रिपोर्ट के अनुसार, थरूर ने कोलंबिया की टिप्पणी पर नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा, "हम कोलंबिया सरकार से निराश हैं। उन्होंने भारत के निर्दोष नागरिकों की पीड़ा की बजाय उन लोगों के प्रति सहानुभूति दिखाई जो आतंक फैलाने आए थे।" थरूर ने आगे स्पष्ट किया कि भारत की कार्रवाई पूरी तरह आत्मरक्षा में की गई थी। "आतंकी हमले करने वालों और उनसे देश की रक्षा करने वालों के बीच कोई समानता नहीं हो सकती। हम यहां किसी भी गलतफहमी को दूर करने आए हैं।"

कोलंबिया में भारतीय दूतावास ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में भारत के राजदूत वनलालहुमा ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। दूतावास ने कहा कि यह दौरा आतंकवाद के खिलाफ भारत के सख्त रुख को स्पष्ट करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत है। प्रतिनिधिमंडल कोलंबिया की संसद के सदस्यों, मंत्रियों, थिंक टैंकों और मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद करेगा।

यह प्रतिनिधिमंडल उन सात बहुदलीय समूहों में से एक है, जिन्हें भारत सरकार ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद दुनिया भर की 33 राजधानियों में भेजा है। इनका उद्देश्य भारत की आतंकवाद के खिलाफ नीति और कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूत तरीके से प्रस्तुत करना है।