Molitics Logo
होम गाजा के लिए राहत लेकर जा रही थीं ग्रेटा थनबर्ग, इजरायली सेना ने समुद्र में ही रोका

गाजा के लिए राहत लेकर जा रही थीं ग्रेटा थनबर्ग, इजरायली सेना ने समुद्र में ही रोका

इजरायल के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि सभी यात्रियों को सुरक्षित रखा गया है और उन्हें भोजन-पानी उपलब्ध कराया गया है। उन्हें जल्द ही उनके-अपने देशों को।

गाजा के लिए राहत लेकर जा रही थीं ग्रेटा थनबर्ग, इजरायली सेना ने समुद्र में ही रोका
फोटो: गाजा के लिए राहत लेकर जा रही थीं ग्रेटा थनबर्ग, इजरायली सेना ने समुद्र में ही रोका
पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग और 12 अन्य एक्टिविस्टों को इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने समुद्र के रास्ते गाजा की ओर जाते वक्त हिरासत में ले लिया। यह समूह राहत सामग्री लेकर गाजा की तरफ बढ़ रहा था, लेकिन इजरायली सेना ने इंटरसेप्ट कर शिप को जब्त कर लिया और सभी यात्रियों को इजराइल ले जाया गया। IDF के जवानों ने शिप पर चढ़कर सभी यात्रियों के मोबाइल फोन बंद करवा दिए। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि सभी यात्रियों को सुरक्षित रखा गया है और उन्हें भोजन-पानी उपलब्ध कराया गया है। उन्हें जल्द ही उनके-अपने देशों को भेज दिया जाएगा।

फ्रीडम फ्लोटिला गठबंधन द्वारा संचालित और ब्रिटेन के झंडे वाला शिप मैडलीन 6 जून को इटली के सिसिली से रवाना हुआ था। इस पर सवार सभी कार्यकर्ता गाजा के लोगों के लिए राहत सामग्री ले जा रहे थे। उनका मकसद गाजा में जारी मानवीय संकट की ओर वैश्विक समुदाय का ध्यान आकर्षित करना था। हालांकि, शिप के गाजा पहुंचने से पहले ही इजरायली सेना ने उसे अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में रोक लिया। घटना के वक्त शिप का कैप्टन लगातार संपर्क में था और उसने पुष्टि की कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई।

इजरायल ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह किसी भी शिप को गाजा तक नहीं जाने देगा। रक्षा मंत्री इजराइल कैट्ज ने रविवार को कहा था कि गाजा पर नौसैनिक नाकेबंदी इसलिए लागू की गई है ताकि हमास को समुद्री रास्ते से हथियार पहुंचने से रोका जा सके। इजरायली सेना का दावा है कि गाजा की ओर जाने वाली कुछ जहाज़ों के ज़रिए अतीत में हथियारों की तस्करी की कोशिश की गई है। इसलिए सुरक्षा कारणों से समुद्री घेराबंदी की गई है।

शिप पर मौजूद कार्यकर्ताओं के मुताबिक, इजरायली ड्रोन ने शिप पर सफेद रंग का एक अज्ञात पदार्थ गिराया और रेडियो सिग्नल जाम कर दिए गए। रेडियो से अजीबोगरीब आवाजें सुनाई दे रही थीं, जिससे शिप के नियंत्रण और संचार में बाधा उत्पन्न हुई। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर तंज करते हुए कहा—"सेलिब्रिटीज की सेल्फी यॉट अब इजरायली तट की ओर सुरक्षित लौट रही है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्हें सैंडविच और पानी दिए गए हैं और ड्रामा खत्म हो चुका है।"