नैनार नागेंद्रन: संगठन और संतुलन की नई कड़ी?
तिरुनेलवेली विधानसभा से भाजपा विधायक नैनार नागेंद्रन तमिलनाडु की राजनीति में एक अनुभवी और प्रतिष्ठित चेहरा हैं। वे अतीत में जयललिता सरकार में मंत्री रह चुके हैं और वर्ष 2017 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी में शामिल होने के बाद से उन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।
बीजेपी नेतृत्व नागेंद्रन को सिर्फ उनके राजनीतिक अनुभव के लिए ही नहीं, बल्कि उनके सामाजिक आधार को देखते हुए भी महत्वपूर्ण मान रहा है। नागेंद्रन राज्य के प्रभावशाली थेवर समुदाय से आते हैं, जबकि मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई और अन्नाद्रमुक (AIADMK) प्रमुख ई. पलानीस्वामी गौंडर समुदाय से हैं, जिसका प्रभाव मुख्य रूप से पश्चिमी तमिलनाडु तक सीमित है। ऐसे में पार्टी सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधते हुए नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी में है।
फिलहाल भाजपा और अन्नाद्रमुक के बीच कोई औपचारिक गठबंधन नहीं है, हालांकि दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच लगातार संवाद बना हुआ है। आगामी 2026 विधानसभा चुनाव को देखते हुए, दोनों पार्टियां विपक्ष को मजबूत करने और साझा रणनीति पर विचार कर रही हैं। नागेंद्रन को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की संभावित रणनीति के पीछे यह भी एक कारण माना जा रहा है कि वे अपनी पुरानी पार्टी AIADMK से बेहतर तालमेल बनाकर एक स्थायी गठबंधन की जमीन तैयार कर सकते हैं।
बीजेपी तमिलनाडु जैसे राजनीतिक रूप से जटिल राज्य में एक सशक्त विकल्प के रूप में उभरना चाहती है। इसके लिए जातीय समीकरण, सामाजिक प्रतिनिधित्व और रणनीतिक गठबंधन की तिकड़ी को साधना अनिवार्य है। अमित शाह का यह दौरा सिर्फ संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि 2026 विधानसभा चुनावों की नींव रखने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।





