Molitics Logo
होम आतिशी ने पत्र लिखकर CM रेखा से माँगा मिलने का समय, PM मोदी के चुनावी वादों पर ज़ाहिर की चिंता

आतिशी ने पत्र लिखकर CM रेखा से माँगा मिलने का समय, PM मोदी के चुनावी वादों पर ज़ाहिर की चिंता

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी App की वरिष्ठ नेता आतिशी ने वर्तमान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने 23 फरवरी को |

आतिशी ने पत्र लिखकर CM रेखा से माँगा मिलने का समय, PM मोदी के चुनावी वादों पर ज़ाहिर की चिंता
फोटो: CM Rekha Gupta, Atishi
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने वर्तमान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने 23 फरवरी को आप के विधायकों के साथ मुलाकात का अनुरोध किया है। इस पत्र में आतिशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) द्वारा किए गए चुनावी वादों को लेकर चिंता व्यक्त की है। विशेष रूप से, उन्होंने भाजपा द्वारा महिलाओं के लिए की गई गारंटी के बारे में सवाल उठाया है, जिसे अब तक पूरा नहीं किया गया है। आतिशी ने अपने पत्र में भाजपा नेताओं द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादों का उल्लेख किया, जिसमें पीएम मोदी ने दिल्ली की माताओं और बहनों से यह वादा किया था कि भाजपा सरकार बनने के बाद, पहली कैबिनेट बैठक में महिलाओं के लिए 2500 रुपये प्रतिमाह की योजना लागू की जाएगी। यह वादा प्रधानमंत्री मोदी ने 31 जनवरी 2025 को द्वारका में आयोजित रैली के दौरान किया था और इसे उन्होंने अपनी गारंटी भी बताया था। लेकिन जब पहली कैबिनेट बैठक हुई, तो यह योजना पास नहीं हो पाई, जिससे दिल्ली की महिलाओं में निराशा और ठगे जाने की भावना है।

 आतिशी ने इस चिट्ठी में आगे लिखा है कि दिल्ली की महिलाओं ने पीएम मोदी की गारंटी पर विश्वास किया था, लेकिन अब वे खुद को धोखा महसूस कर रही हैं। उन्होंने इस मुद्दे को उठाते हुए सीएम रेखा गुप्ता से यह आग्रह किया कि वे 23 फरवरी को आप विधायकों से मुलाकात के लिए समय दें, ताकि इस गारंटी की स्थिति पर चर्चा की जा सके और दिल्ली की लाखों महिलाओं की आवाज़ सुनी जा सके। चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भाजपा पर आरोप लगाए थे कि अगर भाजपा सत्ता में आई, तो वे दिल्ली की मुफ्त सेवाओं को बंद कर देंगी। हालांकि, भाजपा के नेताओं ने यह स्पष्ट किया था कि वे मौजूदा योजनाओं को बंद नहीं करेंगे और महिलाओं को दी जाने वाली 2500 रुपये की राशि को पहली कैबिनेट बैठक में पास करेंगे।

 साथ ही, 8 मार्च (अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस) तक महिलाओं के खातों में इस राशि की पहली किस्त जमा करने का वादा भी किया गया था। आतिशी ने इस पत्र के माध्यम से एक बार फिर से भाजपा के इन वादों को याद दिलाया है और सीएम रेखा गुप्ता से आग्रह किया है कि वे इस मामले पर शीघ्र और गंभीरता से विचार करें। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा करना बहुत महत्वपूर्ण है, ताकि दिल्ली की महिलाएं जो उम्मीदें लेकर भाजपा के वादों पर विश्वास कर रही थीं, वे पूरी हो सकें।

Read This Also:- पूर्व RBI गवर्नर शक्तिकांत दास को PM मोदी का प्रधान सचिव - 2 नियुक्त किया गया