कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा की 8 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। इस लिस्ट में राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी शैलजा का नाम भी शामिल हैं। कांग्रेस ने गुरुग्राम लोकसभा सीट से कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। आप को बता दे गुरुग्राम से राज बब्बर और कैप्टन अजय यादव के नाम को लेकर चर्चा चल रही है। हरियाणा में इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ रहा है। 9 सीटों पर कांग्रेस और एक सीट कुरुक्षेत्र से आम आदमी पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता चुनाव लड़ रहे है।
किसको कहां से मिली टिकट
हिसार से कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जय प्रकाश और सोनीपत से सतपाल ब्रह्मचारी को टिकट दिया है। वहीं भिवानी- महेंद्रगढ़ से कांग्रेस विधायक किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी का दावा खारिज करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के करीबी राव दान सिंह को टिकट दिया गया है।
करनाल से हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा को चुनावी मैदान में उतारा गया है। वही रोहतक से राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा को उम्मीदवार बनाया गया है। सिरसा से कुमारी शैलजा को टिकट दिया गया है। जबकि अंबाला से वरुण चौधरी और फरीदाबाद से पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप को टिकट मिला है।
पिछले चुनाव का समीकरण
लोकसभा चुनाव 2019 में करनाल से बीजेपी के संजय भाटिया, भिवानी महेंद्रगढ़ से धर्मवीर सिंह, सिरसा से सुनीता दुग्गल, फरीदाबाद से कृष्ण पाल, सोनीपत से रमेश चंद्र कौशिक, गुड़गांव से राव इंद्रजीत सिंह, रोहतक से अरविंद कुमार शर्मा और कुरुक्षेत्र से नायब सिंह सैनी चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। 2014 के चुनावों में भाजपा ने 7 सीटें जीतीं, जबकि इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) ने 2 सीटें जीती थीं और कांग्रेस को केवल एक सीट मिली थी । हरियाणा की सभी सीटों पर छठे चरण में 25 मई को मतदान होंगे और 4 जून को नतीजे आएंगे।





