125 उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले
एडीआर और नेशनल इलेक्शन वॉच ने लोकसभा चुनाव में पांचवें चरण में 8 राज्यों की 49 सीटों पर चुनाव लड़ रहे 695 उम्मीदवारों के शपथ पत्रों का विश्लेषण किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 125 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए है। वहीं तीन उम्मीदवारों ने बताया है कि उन्हें किसी न किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। 28 प्रत्याशियों पर आईपीसी की धारा 307 यानी हत्या की कोशिश का मामला दर्ज है। 29 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, भड़काऊ भाषण से जुड़े मामले घोषित करने वाले कुल 10 उम्मीदवार हैं।
किस पार्टी पर कितने आपराधिक मामले
रिपोर्ट के अनुसार पांचवें चरण में बीजेपी के 40 में से 19 यानी 48 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज है। कांग्रेस के 18 में से आठ यानी 44 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज है। समाजवादी पार्टी के 10 उम्मीदवारों में से पांच यानी 50 फीसदी पर आपराधिक मामले है। वहीं शिवसेना के छह में से तीन, आरजेडी के चार में से एक, बहुजन समाज पार्टी के 46 में आठ शिवसेना(यूबीटी) के आठ में से एक टीएमसी के सात में से दो और एआईएमआईएम के चार में से दो उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कौन कितना अमीर
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार पांचवें चरण में 695 में से 227 यानी 33 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। बीजेपी के 40 में से 36 यानी 90 फीसदी और कांग्रेस के 18 में से 15 यानी 92 फीसदी प्रत्याशी करोड़पति है। वहीं समाजवादी पार्टी के दस में से दस, तृणमूल कांग्रेस के सात में से छह, शिवसेना (यूबीटी), के आठ में से सात, आरजेडी के चार में से चार और शिवसेना के छह में से छह उम्मीदवार करोड़पति हैं। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 3.56 करोड़ रुपये है।
उत्तर प्रदेश की झांसी लोकसभा सीट से बीजेपी के अनुराग शर्मा 212 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार है। दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र के भिवंडी से कांग्रेस के निलेश भगवान संबारे के पास 116 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र के मुंबई नॉर्थ से बीजेपी के पीयूष गोयल के पास 110 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। पांचवें चरण में सबसे कम संपत्ति वाले उम्मीदवार जम्मू कश्मीर की बारामूला सीट से निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद सुल्तान गनई है। जिनके पास मात्र 67 रुपए की कुल संपत्ति है।
कितने उम्मीदवार शिक्षित
पांचवें चरण में 20 उम्मीदवार साक्षर हैं, जबकि पांच उम्मीदवार निरक्षर हैं, 5वीं से 12वीं के बीच शैक्षिक योग्यता वाले 293 प्रत्याशी और स्नातक और इससे ज्यादा की योग्यता वाले 375 प्रत्याशी लोकसभा चुनाव में हैं। पांचवें चरण में आठ राज्य की 49 सीटों पर 20 मई को मतदान होगा।





