Molitics Logo
होम ‘आप’ और कांग्रेस’ के गठबंधन से दिलचस्प हुआ दिल्ली का मुक़ाबला

‘आप’ और कांग्रेस’ के गठबंधन से दिलचस्प हुआ दिल्ली का मुक़ाबला

‘आप’ और कांग्रेस’ के गठबंधन से दिलचस्प हुआ दिल्ली का मुक़ाबला
फोटो: ‘आप’ और कांग्रेस’ के गठबंधन से दिलचस्प हुआ दिल्ली का मुक़ाबला
पांच चरणों में 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 428 लोकसभा सीटों पर मतदान पूरा हो चुका है, अब निगाहें लोकसभा के अंतिम दो  चरणों पर टिकी हैं। छठें चरण में 25 मई को दिल्ली की सभी सात सीटों सहित 58 सीटों पर मतदान होगा। लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए जोरदार प्रचार अभियान गुरुवार को समाप्त हो गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रचार के लिए उतरे।



आप और कांग्रेस का गठबंधन
 


पिछले चुनाव में दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर कब्जा करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी को छोड़कर सभी सांसदों के टिकट काट दिए। दूसरी ओर, विपक्षी दल इंडिया गठबंधन के रूप में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने दिल्ली में सीट बंटवारे पर समझौता किया। आप ने दिल्ली की चार लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि कांग्रेस तीन लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। दिल्ली की सात सीटों पर कुल 162 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं।



मोदी और राहुल ने भी की रैली


अगर चुनावी रैली की बात करे तो बीजेपी के चुनाव प्रचार अभियान में प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में दो रैलियों को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी और पीयूष गोयल ने बीजेपी उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार किया। इसके अलावा बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुष्कर सिंह धामी और प्रमोद सावंत ने भी प्रचार किया।


वहीं कांग्रेस के चुनाव अभियान की अगुवाई पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और सचिन पायलट समेत अन्य नेताओं ने की। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने आप उम्मीदवारों के लिए भी चुनाव प्रचार किया और इंडिया गठबंधन को जीतने की अपील की।


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, जिन्हें 1 जून तक अंतरिम जमानत पर रिहा किया गया है, उन्होंने भी आप और कांग्रेस दोनों के उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किए। जब अरविंद केजरीवाल जेल में थे, तब उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए रोड शो किये और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं आतिशी, सौरभ भारद्वाज, संजय सिंह और गोपाल राय ने पार्टी के "जेल का जवाब वोट से" अभियान के तहत कई सार्वजनिक सभाएँ कीं।


प्रमुख लड़ाई वाली सीटें


 

उत्तर पूर्वी दिल्‍ली- इस चुनाव में दिल्ली की सबसे चर्चित सीट उत्तर पूर्वी दिल्‍ली हैं क्योंकि कांग्रेस के कन्हैया कुमार यहाँ से दो बार के सांसद मनोज तिवारी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी ने मनोज तिवारी को उत्तर पूर्वी दिल्ली से लगातार तीसरी बार टिकट दी है। वह एकमात्र ऐसे उम्मीदवार हैं जिन्हें बीजेपी ने दिल्ली में दोबारा टिकट दिया है इसके अलावा मौजूदा छह सांसदों की टिकट काट दिया गया है। इस लड़ाई को और भी दिलचस्प बनाने वाली बात यह है कि मनोज तिवारी और कन्हैया कुमार दोनों ही बिहार से हैं और वे इस दौड़ में आगे रहने के लिए पूर्वांचली वोटरों के एक बड़े हिस्से पर नजर बनाए रखेंगे।


नई दिल्ली
- मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा आप विधायक सोमनाथ भारती का मुकाबला बीजेपी की बांसुरी स्वराज से है, जो दिवंगत सुषमा स्वराज की बेटी हैं। बांसुरी स्वराज अपनी मां की विरासत को आगे बढ़ा रही हैं, जबकि भारती इस हाई-प्रोफाइल सीट को जीतने के लिए दिल्ली में आप द्वारा किए गए काम पर वोट मांग रहे है।


पूर्वी दिल्ली
- बीजेपी ने एलएलबी की डिग्री प्राप्त 60 वर्षीय हर्ष मल्होत्रा ​​को कोंडली विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक 35 वर्षीय आप उम्मीदवार कुलदीप कुमार के खिलाफ मैदान में उतारा है।


इसके अलावा दक्षिण दिल्ली के बीजेपी से रामवीर सिंह बिधूड़ी और आप से तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक सहीराम पहलवान, चांदनी चौक से कांग्रेस के जेपी अग्रवाल और बीजेपी से प्रवीण खंडेलवाल, उत्तर पश्चिम दिल्ली से बीजेपी के योगेंद्र चंदोलिया और कांग्रेस से उदित राज और पश्चिमी दिल्ली से बीजेपी की कमलजीत सहरावत और आप से महाबल मिश्रा चुनावी मैदान में उतरे है।