Molitics Logo
होम चुनाव मुख्यमंत्री पद पर कोई वैकेंसी नहीं, नीतीश से मुलाकात के बाद बोले चिराग पासवान
चुनाव

मुख्यमंत्री पद पर कोई वैकेंसी नहीं, नीतीश से मुलाकात के बाद बोले चिराग पासवान

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा बिहार में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई भ्रम नहीं होना चाहिए। नीतीश कुमार एनडीए के सर्वमान्य नेता हैं और हमारा पूरा गठबंधन |

मुख्यमंत्री पद पर कोई वैकेंसी नहीं, नीतीश से मुलाकात के बाद बोले चिराग पासवान
फोटो: मुख्यमंत्री पद पर कोई वैकेंसी नहीं, नीतीश से मुलाकात के बाद बोले चिराग पासवान
बिहार में इस वर्ष के अंत तक संभावित विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में खासा चर्चा का विषय बन गई है। पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस भेंट के बाद चिराग पासवान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "बिहार में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई भ्रम नहीं होना चाहिए। नीतीश कुमार एनडीए के सर्वमान्य नेता हैं और हमारा पूरा गठबंधन उनके नेतृत्व में एकजुट है।" 

चिराग ने आगे कहा, "मुझे पूर्ण विश्वास है कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासवादी सोच वाली सरकार बनेगी, जिसका नेतृत्व नीतीश कुमार ही करेंगे। बिहार की जनता अब स्थायित्व और विकास चाहती है, और वह नीतीश जी के अनुभव और नेतृत्व में ही संभव है।" दिल्ली से पटना पहुंचने के बाद चिराग पासवान सबसे पहले नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे और मुलाकात की।

यह दौरा पटना के ज्ञान भवन में आयोजित एक केंद्रीय कार्यक्रम के सिलसिले में हुआ, लेकिन मुख्यमंत्री से मुलाकात के राजनीतिक निहितार्थ साफ नजर आए। इस मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने सोशल मीडिया पर नीतीश कुमार के साथ अपनी तस्वीरें साझा कीं, जिसमें दोनों नेताओं को सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत करते देखा जा सकता है। चिराग ने यह भी संकेत देने की कोशिश की कि कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा पोस्टरों में जो संदेश दिए गए थे, वे पार्टी की आधिकारिक सोच को नहीं दर्शाते।

गौरतलब है कि चिराग पासवान और नीतीश कुमार के संबंधों में बीते वर्षों में कई उतार-चढ़ाव रहे हैं। 2020 के विधानसभा चुनावों में चिराग ने जेडीयू के खिलाफ अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय लिया था, जिससे जेडीयू के प्रदर्शन पर असर पड़ा। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले दोनों नेताओं के बीच मतभेद काफी हद तक खत्म होते दिखाई दिए। अब चिराग पासवान का यह बयान कि "मुख्यमंत्री पद की कोई वैकेंसी नहीं है", एनडीए में स्थिरता और एकजुटता का स्पष्ट संदेश देता है।