‘चिराग को बिहार के विकास में निभानी होगी अहम भूमिका’
जब उनसे पूछा गया कि क्या चिराग पासवान बिहार के अगले मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं, तो अरुण भारती ने कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे पर लड़ा जाएगा। हालांकि, चिराग पासवान को राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
चिराग ने हाल ही में यह साफ किया था कि वे बिहार की राजनीति में अधिक सक्रिय होना चाहते हैं और राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बनना चाहते हैं। इस बयान के बाद से ही उनकी विधानसभा चुनाव में भागीदारी और चुनाव के बाद संभावित भूमिका को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।
चिराग पासवान, अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की तरह, अब तक मुख्य रूप से केंद्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वर्तमान में वे नरेंद्र मोदी सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हैं। 2014 और 2019 में उन्होंने बिहार की जमुई लोकसभा सीट से चुनाव जीता था, जबकि 2024 में वे हाजीपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए, जो लंबे समय तक उनके पिता का क्षेत्र रहा। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में चिराग ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ उम्मीदवार उतारे थे, जिससे नीतीश को नुकसान झेलना पड़ा था।





