आतिशी ने चुनाव आयोग और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आतिशी ने कहा, "कल शाम 6 बजे चुनाव प्रचार समाप्त होने के साथ ही साइलेंट पीरियड शुरू हो गया था। नियमों के मुताबिक, किसी भी विधानसभा क्षेत्र में बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी प्रतिबंधित होती है, क्योंकि यह चुनाव को प्रभावित कर सकता है। हमें सूचना मिली कि रमेश बिधूड़ी के समर्थक जोगी क्लस्टर में लोगों को धमका रहे हैं। जब हम मौके पर पहुंचे, तो संगम विहार के निवासी दिनेश चौधरी को वहां मौजूद पाया गया। हमारे पास उनकी लोकेशन के जीपीएस ट्रैक उपलब्ध हैं। हमने इस बारे में तुरंत रिटर्निंग ऑफिसर को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दिनेश चौधरी को अपने साथ ले गई।"
उन्होंने आगे बताया कि जब वे पुलिस के पीछे-पीछे गए, तो देखा कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और पुलिस ने उसे छोड़ दिया। इसी दौरान एक अन्य वाहन में रमेश बिधूड़ी के भतीजे अनुज बिधूड़ी, जिन्हें इलाके में "सेठी" के नाम से जाना जाता है, झुग्गी-बस्तियों के आसपास घूमते नजर आए। "हमने इस बात की सूचना रिटर्निंग ऑफिसर, फ्लाइंग स्क्वॉड और पुलिस को दी, लेकिन जब पुलिस वहां पहुंची, तो एसएचओ ने खुलेआम अनुज बिधूड़ी को वहां से फरार करवा दिया," आतिशी ने आरोप लगाया।
पुलिस पर कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप
आतिशी ने कहा, "जो कार्यकर्ता इस घटना का वीडियो बना रहे थे और चुनाव आयोग से शिकायत कर रहे थे, पुलिस ने उन्हीं को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। शिकायत करने वालों को ही पुलिस ने अपना निशाना बना लिया। गोविंदपुरी के एसएचओ धर्मवीर सिंह ने अपने 10 अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कार्यकर्ताओं को बुरी तरह पीटा। इन युवकों को थाने में घसीटा गया, उन्हें लात-घूंसे मारे गए और बिना किसी शिकायत के रात 1 बजे से सुबह 6 बजे तक हिरासत में रखा गया।"
उन्होंने आगे बताया कि पूरे इलाके के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुला लिया गया, जिसमें एसीपी साउथ ईस्ट और कालकाजी के एसीपी भी शामिल थे। बावजूद इसके, आचार संहिता के उल्लंघन का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। "यहां उल्टा चोर कोतवाल को डांट रहा है। हमने चुनाव आयोग को बुलाया, पुलिस को बुलाया, लेकिन चुनाव आयोग ने रमेश बिधूड़ी की टीम के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। बल्कि, मेरे खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया गया," आतिशी ने कहा।
"क्या देश में लोकतंत्र बचा है?" आतिशी का चुनाव आयोग पर हमला
मुख्यमंत्री आतिशी ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा, "भारत निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनावों के लिए जाना जाता है, लेकिन आज देश की राजधानी में खुलेआम गुंडागर्दी चल रही है। बीजेपी के लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं, पुलिस उन्हें बचा रही है और चुनाव आयोग शिकायत करने वालों पर ही मुकदमा दर्ज कर रहा है।"
उन्होंने चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, "राजीव कुमार जी, अपनी सोई हुई आत्मा को जगाइए! हम सुबह से आपसे मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन आप हमें समय तक नहीं दे रहे। आज देश का लोकतंत्र आपके हाथों में है। इतिहास देख रहा है कि क्या लोकतंत्र बचेगा या नहीं।"
Read This Also:- Delhi Polls: सुब्रमण्यम स्वामी की एक्स पोस्ट पर विवाद, वोटिंग गोपनीयता उल्लंघन का आरोप
Read This Also:- Delhi Polls: सुब्रमण्यम स्वामी की एक्स पोस्ट पर विवाद, वोटिंग गोपनीयता उल्लंघन का आरोप





