Molitics Logo
होम चुनाव Delhi Polls: चुनाव के बीच AAP नेता BJP में शामिल, कांग्रेस और BJP के नेताओं ने भी दिया AAP का साथ
चुनाव

Delhi Polls: चुनाव के बीच AAP नेता BJP में शामिल, कांग्रेस और BJP के नेताओं ने भी दिया AAP का साथ

भजनपुरा से निगम पार्षद रेखा रानी और ख्याला से पार्षद शिल्पा कौर भाजपा में शामिल हुईं, जो भाजपा के नेता हर्ष मल्होत्रा मनोज तिवारी और कमलजीत सेहरावत की मौजूदगी |

Delhi Polls: चुनाव के बीच AAP नेता BJP में शामिल, कांग्रेस और BJP के नेताओं ने भी दिया AAP का साथ
फोटो: BJP, App, Congress
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नजदीक आने से पहले, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लगा है। आप के दो नगर पार्षदों समेत चार नेता मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भजनपुरा से निगम पार्षद रेखा रानी और ख्याला से पार्षद शिल्पा कौर भाजपा में शामिल हुईं, जो भाजपा के नेता हर्ष मल्होत्रा, मनोज तिवारी और कमलजीत सेहरावत की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुईं। इसी प्रकार, 2015-20 तक धोंडा से विधायक रहे श्रीदत्त शर्मा और आप सांसद संजय सिंह के संसदीय प्रतिनिधि चौधरी विजेंद्र भी भाजपा में शामिल हो गए।

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले, आप के कई नेता और कार्यकर्ता रविवार को प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। मॉडल टाउन विधानसभा से दो बार चुनाव लड़ चुके कपिल नागर भी भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ आम आदमी पार्टी के 100 से अधिक कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए। इन कार्यकर्ताओं का स्वागत भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी की मौजूदगी में हुआ, जो कालकाजी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी भी हैं।

वहीं, दिल्ली कांग्रेस और भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शनिवार को मुख्यमंत्री आतिशी की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, वजीरपुर विधानसभा से कांग्रेस की पूर्व निगम पार्षद उम्मीदवार ममता वर्मा, किराड़ी विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व निगम पार्षद बनवारी लाल उपाध्याय, सीमापुरी विधानसभा से भाजपा की पूर्व निगम पार्षद भूमिका सिंह समेत अन्य कई नेता आप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री आतिशी ने इन सभी नेताओं का पार्टी में स्वागत किया और कहा कि आम आदमी पार्टी के द्वारा किए गए कार्य—जैसे मुफ्त बिजली-पानी, अच्छे सरकारी स्कूल और अस्पताल, महिलाओं के लिए सुरक्षित बस यात्रा—देखकर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।

दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान होगा, जबकि आठ फरवरी को मतगणना होगी। इस बार दिल्ली में आप, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। दिल्ली में लगातार 15 साल तक सत्ता में रही कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में झटका लगा है और वह एक भी सीट जीतने में नाकाम रही। वहीं, आप ने 2020 के विधानसभा चुनावों में 70 में से 62 सीटें जीतकर अपना दबदबा बनाया, जबकि भाजपा को आठ सीटें मिलीं।

Read This Also:- विधि आयोग और UCC पर कांग्रेस की आलोचना, मोदी सरकार की नीति पर सवाल