Molitics Logo
होम राहुल-सोनिया पर ईडी की कार्रवाई पर पटना में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, रेलवे ट्रैक पर चढ़े कार्यकर्ता

राहुल-सोनिया पर ईडी की कार्रवाई पर पटना में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, रेलवे ट्रैक पर चढ़े कार्यकर्ता

भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पटना में ज़ोरदार प्रदर्शन किया, प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया और ट्रेनों की आवाजाही रोक दी।

राहुल-सोनिया पर ईडी की कार्रवाई पर पटना में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, रेलवे ट्रैक पर चढ़े कार्यकर्ता
फोटो: राहुल-सोनिया पर ईडी की कार्रवाई पर पटना में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, रेलवे ट्रैक पर चढ़े कार्यकर्ता
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद देशभर में सियासी गर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बिहार की राजधानी पटना में ज़ोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया और ट्रेनों की आवाजाही रोक दी। कई सदस्य ट्रेन की छत पर चढ़कर "ईडी-शाही नहीं चलेगी!" जैसे नारे लगाते रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को ट्रैक से हटाया और रेल मार्ग को साफ कराया।

ईडी की कार्रवाई और चार्जशीट का विवरण


15 अप्रैल को ईडी ने नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, सैम पित्रोदा, सुमन दुबे और कुछ कंपनियों सहित अन्य के खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज की थी। यह चार्जशीट धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की विभिन्न धाराओं के तहत दायर की गई है। इस मामले पर अगली सुनवाई 25 अप्रैल को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में होनी है। इस केस की शुरुआत भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा दायर की गई शिकायत से हुई थी, जिसमें कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और उनकी कंपनियों पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया गया था।

इस घटनाक्रम के बीच, केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी फिर से चोरी करते हुए पकड़ी गई है। नेशनल हेराल्ड का नाम सुनते ही कांग्रेस का पूरा सिस्टम कांपने लगता है।" उन्होंने आगे कहा, "कुछ अखबार कागज पर छपते हैं, कुछ केवल ऑनलाइन चलते हैं। नेशनल हेराल्ड सिर्फ नाम का अखबार है, असल में यह घोटालों की एक और कहानी है। आज़ादी के बाद से कांग्रेस के कई घोटाले सामने आते रहे हैं और यह मामला उसी कड़ी का हिस्सा है।"

कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को "राजनीतिक प्रतिशोध" बताया है और केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि मोदी सरकार विपक्ष की आवाज़ को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।