Molitics Logo
होम अभिषेक बनर्जी BJP में शामिल होंगे या नहीं? ममता बनर्जी से कथित मतभेदों पर दिया बड़ा बयान

अभिषेक बनर्जी BJP में शामिल होंगे या नहीं? ममता बनर्जी से कथित मतभेदों पर दिया बड़ा बयान

अभिषेक बनर्जी ने कहा, जो लोग यह कह रहे हैं कि मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं, वे केवल झूठी अफवाहें फैला रहे हैं। उनका मकसद केवल राजनीतिक अस्थिरता पैदा |

अभिषेक बनर्जी BJP में शामिल होंगे या नहीं? ममता बनर्जी से कथित मतभेदों पर दिया बड़ा बयान
फोटो: Mamta Banerjee
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के साथ मतभेद की सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया और उनके प्रति अपनी अटूट निष्ठा व्यक्त की। कोलकाता में एक पार्टी सम्मेलन के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया, "मैं तृणमूल कांग्रेस का एक निष्ठावान सिपाही हूं और मेरी नेता केवल ममता बनर्जी हैं।"

भाजपा में शामिल होने की अटकलों को बताया अफवाह


बीजेपी में शामिल होने की अफवाहों को निराधार बताते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, "जो लोग यह कह रहे हैं कि मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं, वे केवल झूठी अफवाहें फैला रहे हैं। उनका मकसद केवल राजनीतिक अस्थिरता पैदा करना और जनता को गुमराह करना है।" उन्होंने आगे कहा कि वे जानते हैं कि इस तरह की अफवाहें कौन फैला रहा है और इसके पीछे किसका निहित स्वार्थ छिपा है। "अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले, कुछ लोग इस तरह की गलत सूचना फैलाकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं।" डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी ने पार्टी के भीतर गद्दारों को उजागर करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा, "मैं पहले भी तृणमूल कांग्रेस के भीतर छिपे गद्दारों को बेनकाब करता आया हूं और आगे भी करता रहूंगा, जैसे कि मैंने पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान किया था। पार्टी के भीतर जो भी लोग अंदरूनी साजिश रच रहे हैं, उन्हें उजागर करना मेरा कर्तव्य है।"

ममता बनर्जी का बीजेपी पर तीखा प्रहार


उसी कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भी विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस 294 में से 215 से अधिक सीटें जीतने के लिए पूरी तरह से तैयार है और भाजपा को करारी शिकस्त दी जाएगी। ममता बनर्जी ने भाजपा पर बंगाल में फर्जी वोटिंग और बाहरी लोगों को चुनावी प्रक्रिया में शामिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "हम उन सभी फर्जी मतदाताओं की पहचान करेंगे, जिन्हें भाजपा की मदद से मतदाता सूची में जोड़ा गया है। बीजेपी ने दिल्ली और महाराष्ट्र में भी इसी तरह से चुनाव जीते थे, जहां उन्होंने हरियाणा और गुजरात के नकली मतदाताओं को रजिस्टर कराया था। लेकिन बंगाल में हम ऐसा नहीं होने देंगे।"

ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक निर्वाचन आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं करेगा, तब तक स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) के रूप में ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि "भाजपा चुनाव आयोग को प्रभावित करने की पूरी कोशिश कर रही है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमें सतर्क रहना होगा।" मुख्यमंत्री ने साफ किया कि अगर भाजपा द्वारा फर्जी मतदाताओं को जोड़े जाने की प्रक्रिया जारी रही, तो टीएमसी निर्वाचन आयोग के दफ्तर के बाहर धरना देने से भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा, "भाजपा घुसपैठ की बात करती है, लेकिन असल में वे खुद लोकतांत्रिक प्रणाली में घुसपैठ कर रहे हैं। हमारे नागरिकों को अमेरिका से बेड़ियों में जकड़कर वापस भेजा जा रहा है, लेकिन भाजपा इस मुद्दे पर चुप है।"

Read This Also:- ऑक्सफोर्ड में ममता बनर्जी के खिलाफ ‘गो बैक’ के नारे, छात्रों ने उठाए तीखे सवाल