दुबे ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर गुटनिरपेक्ष आंदोलन के जरिए भारत को अमेरिका और रूस जैसे शक्तिशाली देशों से अलग-थलग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब 1962 में भारत पर चीन ने हमला किया, तब न तो अमेरिका और न ही रूस भारत के समर्थन में खुलकर सामने आया। भाजपा सांसद ने इस पूरे संदर्भ में नेहरू परिवार और चीन के बीच कथित संबंधों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह जानना जरूरी है कि क्या तत्कालीन विदेश नीति ने देश की सुरक्षा से समझौता किया था।
दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को इलाहाबाद हाईकोर्ट के 1975 के उस फैसले को पढ़ने की सलाह दी जिसमें इंदिरा गांधी की 1971 की रायबरेली लोकसभा सीट पर जीत को अवैध करार दिया गया था। उन्होंने कहा,
"राहुल बाबा, जानना है चुनाव कैसे फिक्स किए जाते हैं? तो अपनी दादी के कारनामे पढ़ो। चुनाव प्रचार में सेना के हेलीकॉप्टर, शराब और कपड़ों का वितरण, सरकारी कर्मचारियों की मदद और धनबल का अंधाधुंध उपयोग किया गया था।"
भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर तीखा तंज कसते हुए लिखा,
"आपका परिवार देश को बर्बाद करता आया है और अब आपको चुनाव लूटने की छूट नहीं मिलेगी।"
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी ने हिंदू धर्म के नाम पर वोट मांगे और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया।





