इस इंडिगो फ्लाइट 6E 2142 में करीब 200 लोग सवार थे, जिनमें पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी के पांच सांसदों का डेलीगेशन भी शामिल था। फ्लाइट को उड़ान के दौरान तेज तूफान और ओलों का सामना करना पड़ा, लेकिन पायलट ने साहस और कुशलता से विमान को सुरक्षित लैंड करा दिया।
फ्लाइट में सवार टीएमसी सांसद और पत्रकार सागरिका घोष ने बताया, “यह मौत को नजदीक से देखने जैसा अनुभव था। लोग चिल्ला रहे थे, प्रार्थनाएं कर रहे थे और घबराए हुए थे। मुझे लगा कि मेरी ज़िंदगी यहीं खत्म हो जाएगी।” उन्होंने पायलट को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ ने सभी यात्रियों की जान बचा ली।
सागरिका ने यह भी बताया कि विमान से उतरने के बाद उन्होंने देखा कि प्लेन की नाक (nose cone) क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिससे तूफान की तीव्रता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। डेलीगेशन में सांसद डेरेक ओ’ब्रायन, नदीमुल हक, मानस भुनिया, और ममता ठाकुर भी शामिल थे।
टीएमसी का यह डेलीगेशन 23 मई तक जम्मू-कश्मीर के दौरे पर है। श्रीनगर के अलावा वे पुंछ और राजौरी क्षेत्रों में भी जाएंगे। दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई और वाहनों को भारी नुकसान हुआ। अधिकारियों के अनुसार, छह लोगों की मौत और कई घायल हुए हैं। आपात सेवाएं स्थिति को सामान्य करने में जुटी हैं।





