Molitics Logo
होम प्रज्वल रेवन्ना ने वीडियो जारी कर 31 मई को एसआईटी के सामने पेश होने की जानकारी दी

प्रज्वल रेवन्ना ने वीडियो जारी कर 31 मई को एसआईटी के सामने पेश होने की जानकारी दी

प्रज्वल रेवन्ना ने वीडियो जारी कर 31 मई को एसआईटी के सामने पेश होने की जानकारी दी
फोटो: प्रज्वल रेवन्ना ने वीडियो जारी कर 31 मई को एसआईटी के सामने पेश होने की जानकारी दी
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते और हासन लोकसभा क्षेत्र से भाजपा गठबंधन (एनडीए) के उम्मीवार प्रज्वल रेवन्ना ने वीडियो जारी कर 31 मई को एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम) के सामने पेश होने की जानकारी दी है। प्रज्वल ने कहा कि वह एसआईटी के सामने पेश होकर उनपर लगे सभी आरोपों का ज़वाब देंगे। यह वीडियो कन्नड़ टीवी न्यूज़ चैनल एशियानेट सुवर्णा के ज़रिये सामने आया है।एशियानेट सुवर्णा केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के स्वामित्व वाली कंपनी का हिस्सा है।


 


सभी आरोपों का ज़वाब मिलेगा


प्रज्वल रेवन्ना पर कई महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न करने, सेक्स वीडियो रिकॉर्ड करने, धमकाने और साज़िश करने का आरोप है। वीडियो में प्रज्वल ने कहा, “मैं शुक्रवार 31 मई को सुबह 10 बजे एसआईटी के सामने आऊंगा, जाँच में सहयोग करूंगा और सभी आरोपों का ज़वाब दूंगा। मुझे पूरा विश्वास है कि मैं अदालत के सहारे झूठे मामलों से बाहर आऊंगा।” लेकिन अभी तक प्रज्वल के वीडियो की पुष्टि परिवार या पार्टी ने नहीं की है।


 जिस एशियानेट सुवर्णा न्यूज़ चैनल पर वीडियो को जारी किया गया है, उसका स्वामित्व एशियानेट न्यूज़ नेटवर्क के पास हैं, जो जुपिटर कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड की सहायक कंपनी है। जुपिटर कैपिटल के संस्थापक केरल के तिरुवनंतपुरम से भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर हैं। चंद्रशेखर ने अक्टूबर 2006 में एशियानेट में 51 फ़ीसदी की हिस्सेदारी ख़रीदी थी। द कारवां पत्रिका ने एशियानेट सुवर्णा के पूर्व संपादक शशिधर भट्ट के हवाले से लिखा है कि राजीव चंद्रशेखर कंपनी के कॉर्पोरेट मैनेजमेंट के माध्यम से संपादकीय नियंत्रण बनाये रखते हैं।


नमो टीवी को टेक्निकल सपोर्ट दे चुका है सुवर्णा न्यूज़


द कारवां पहले भी ख़ुलासा कर चुका है कि नमो टीवी (पीएम नरेंद्र मोदी को समर्पित चैनल) को सुवर्णा न्यूज़ अपनी तकनीकी सहायता दे चुका है। नमो टीवी को 2012 के गुजरात विधानसभा चुनावों से दो महीने पहले शुरू किया गया था। चैनल में गुजरात भाजपा के नेताओं का पैसा लगा है। भाजपा के लोग ही चैनल पर नियंत्रण बनाये हुए हैं। ख़बरों के अनुसार नमो टीवी को 30 दिनों के छोटे से अंतराल में शुरू किया गया था।



सुवर्णा पर फ़र्ज़ी खबर का आरोप


एशियानेट सुवर्णा न्यूज़ चैनल पर फर्ज़ी ख़बर चलाने के आरोप लग चुके हैं। चैनल पर तब्लीग़ी ज़मात के ख़िलाफ़ पक्षपात पूर्ण तरीके से ख़बरे चलाने के आरोप में 50 हज़ार रुपयों का जुर्माना लग चुका है। यह जुर्माना एनबीएसए (न्यूज़ ब्रॉडकास्टर एंड डिजिटल एसोसिएशन ) ने 2020 में लगाया था।



पीएम मोदी का प्रज्वल के लिए चुनाव प्रचार


प्रज्वल भाजपा गठबंधन यानी एनडीए से हासन(कर्नाटक) लोकसभा सीट से उम्मीदवार है। जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में प्रचार भी किया था। आरोप लगने के बाद से ही प्रज्वल देश से फ़रार हैं। जबकि प्रज्वल ने अपनी यात्रा को पहले से ही निर्धारित बताया है। कांग्रेस ने भाजपा पर एक दाग़ी सांसद और और उनकी पार्टी जनता दल (सेक्युलर) के साथ गठबंधन करने का आरोप लगाया है। अभी प्रज्वल जनता दल के से निलंबित हैं।