क्या शिंदे बनेंगे उपमुख्यमंत्री
बुधवार को ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना शिंदे गुट के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों को विराम दे दिया था। उन्होंने कहा, 'मेरे मन में मुख्यमंत्री बनने की कोई लालसा नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह जो भी निर्णय लेंगे, वह मुझे स्वीकार होगा। सरकार गठन में मेरी ओर से कोई बाधा नहीं आएगी। मैं चट्टान की तरह साथ खड़ा हूं। भाजपा की बैठक में जो भी निर्णय होगा, हम उसे स्वीकार करेंगे। भाजपा का मुख्यमंत्री मुझे मंजूर है।' औरंगाबाद पश्चिम विधानसभा सीट से पुनर्निर्वाचित शिरसाट ने कहा, 'यदि शिंदे उपमुख्यमंत्री का पद स्वीकार नहीं करते हैं, तो यह जिम्मेदारी हमारी पार्टी के किसी अन्य नेता को दी जाएगी। शिंदे शाम तक इस पर अपना निर्णय लेंगे।'
शिंदे कि नई सरकार का हिस्सा होना चाहिए
शिवसेना नेता ने गुरुवार को बताया कि महाराष्ट्र की नई सरकार में शिंदे के उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार करने की संभावना कम है। शिरसाट के सहयोगी और पूर्व मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि उनके निर्वाचित विधायक और कार्यकर्ता चाहते हैं कि शिंदे नई सरकार का हिस्सा बनें।
देसाई, जो 2022 से 2024 तक शिंदे के गृह क्षेत्र ठाणे के पालक मंत्री रहे, ने शिंदे के विस्तृत प्रशासनिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान कार्यवाहक मुख्यमंत्री को महाराष्ट्र की अगली सरकार में शामिल होना चाहिए।
महाराष्ट्र चुनाव का परिणाम
हाल के विधानसभा चुनावों में भाजपा नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने 288 सदस्यीय सदन में 230 सीटें जीतीं, जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) 46 सीटों पर सिमट गया। भाजपा ने 132, शिवसेना ने 57 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 41 सीटें जीतीं। एमवीए में शिवसेना (यूबीटी) को 20, कांग्रेस को 16 और शरद पवार की राकांपा (एसपी) को 10 सीटें मिलीं।





