Molitics Logo
होम Maharashtra: गढ़चिरौली में सफलता के बाद संजय राउत ने की CM फडणवीस की तारीफ

Maharashtra: गढ़चिरौली में सफलता के बाद संजय राउत ने की CM फडणवीस की तारीफ

संजय राउत ने मुख्यमंत्री फडणवीस की तारीफ करते हुए कहा, "महाराष्ट्र संगीत का प्रेमी है। यहां की राजनीति में सुर और ताल हमेशा से मौजूद रहे हैं।

Maharashtra: गढ़चिरौली में सफलता के बाद संजय राउत ने की CM फडणवीस की तारीफ
फोटो: Maharashtra, Sanjay Raut , Fadnavis
महाराष्ट्र की राजनीति में इस समय बड़ा फेरबदल होता नजर आ रहा है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के बीच सुलह की खबरें जोर पकड़ रही हैं। इस बीच, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तारीफ कर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।  गुरुवार को गढ़चिरौली में 11 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इस घटना के बाद संजय राउत ने मुख्यमंत्री फडणवीस की तारीफ करते हुए कहा, "महाराष्ट्र संगीत का प्रेमी है। यहां की राजनीति में सुर और ताल हमेशा से मौजूद रहे हैं। हमने देवेंद्र फडणवीस का अभिनंदन इसलिए किया क्योंकि उनकी सरकार ने अच्छा काम किया है। गढ़चिरौली जैसे नक्सल प्रभावित जिले में अगर नक्सली आत्मसमर्पण करते हैं और संविधान का मार्ग अपनाते हैं, तो यह स्वागत योग्य है।"

राउत ने सरकार से अपील की कि गढ़चिरौली में अब बेरोजगारी और गरीबी को दूर करने के ठोस प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री फडणवीस गढ़चिरौली को जमशेदपुर की तर्ज पर स्टील सिटी बनाना चाहते हैं। यह कदम महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा बढ़ाएगा और लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करेगा। यह सराहनीय है।" 

उन्होंने पूर्ववर्ती गार्डियन मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, "पहले यहां जो मंत्री थे, उन्होंने केवल नाटक किया। उन्होंने माइनिंग माफियाओं से सांठगांठ कर अपनी तिजोरी भरी। इससे नक्सलवाद को बढ़ावा मिला।"  गढ़चिरौली में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों पर एक करोड़ रुपये से अधिक का इनाम था। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस मौके पर कहा, "महाराष्ट्र से नक्सलवाद को जल्द ही पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।"

अजित और शरद पवार की सुलह की अटकलें


इधर, एनसीपी के भीतर भी सियासी हलचल तेज है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार और पार्टी प्रमुख शरद पवार के बीच सुलह की खबरें गर्म हैं। अजित पवार की मां ने हाल ही में एक बयान में कहा कि अजित और उनके बहनोई शरद पवार के बीच रिश्ते सामान्य हो रहे हैं। इस पर एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा, "अगर पवार परिवार फिर से एक हो जाता है, तो यह खुशी की बात होगी। शरद पवार हमारे लिए भगवान समान हैं।"