Molitics Logo
होम ‘गलत और भ्रामक हैं केजरीवाल के आरोप’, CM आतिशी की गिरफ्तारी पर परिवहन विभाग का बयान

‘गलत और भ्रामक हैं केजरीवाल के आरोप’, CM आतिशी की गिरफ्तारी पर परिवहन विभाग का बयान

पिछले सप्ताह अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दावा किया था कि भाजपा, सीएम आतिशी को झूठे मामले में फंसाने और गिरफ्तार करने की साजिश रच रही है।

‘गलत और भ्रामक हैं केजरीवाल के आरोप’, CM आतिशी की गिरफ्तारी पर परिवहन विभाग का बयान
फोटो: Kejriwal, Delhi Assembly Election, CM Atishi,
आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल द्वारा सीएम आतिशी की संभावित गिरफ्तारी के दावे को दिल्ली के परिवहन विभाग ने खारिज कर दिया है। विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) प्रशांत गोयल ने इस आरोप को "गलत और भ्रामक" बताया। 26 दिसंबर को लिखे एक आधिकारिक नोट में प्रशांत गोयल ने स्पष्ट किया, "मेरे ध्यान में यह बात आई है कि टीवी और सोशल मीडिया पर खबरें चल रही हैं, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा से जुड़े मामले में सीएम आतिशी के खिलाफ जांच चल रही है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि परिवहन विभाग ने ऐसी किसी जांच पर विचार नहीं किया है।"  उन्होंने आगे कहा, "इस संबंध में दिल्ली सरकार के सतर्कता विभाग से भी कोई संवाद प्राप्त नहीं हुआ है। उपरोक्त दावे पूरी तरह से निराधार और भ्रामक हैं।" गोयल का यह पत्र मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और मुख्य सतर्कता अधिकारी को भेजा गया है।

अरविंद केजरीवाल का आरोप


पिछले सप्ताह अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दावा किया था कि भाजपा, सीएम आतिशी को झूठे मामले में फंसाने और गिरफ्तार करने की साजिश रच रही है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि यह साजिश महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना को खत्म करने और AAP के चुनाव प्रचार को कमजोर करने के लिए की जा रही है। AAP ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा, "हम भाजपा की हर साजिश को नाकाम करेंगे और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना को हर हाल में जारी रखेंगे।"

भाजपा का पलटवार


दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल के आरोपों को "झूठा और भ्रामक" करार दिया। उन्होंने कहा, "दिल्ली के एसीएस (परिवहन) द्वारा लिखे गए नोट में साफ तौर पर कहा गया है कि सीएम आतिशी के खिलाफ कोई जांच नहीं चल रही है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि अरविंद केजरीवाल केवल राजनीतिक गुमराह करने और अपने सहयोगियों को डराने का प्रयास कर रहे हैं।" सचदेवा ने आगे कहा, "केजरीवाल अपनी तुच्छ राजनीति के चलते न केवल सीएमओ की गरिमा गिरा रहे हैं, बल्कि मुख्यमंत्री आतिशी को भी विवादों में घसीट रहे हैं। यह बेहद खेदजनक है।"