वीडियो वायरल होने के बाद सुपरिटेंडेंट ऑफ रेलवे पुलिस (एसआरपी) सिमाला प्रसाद ने आरोपी टीआई अरुणा वाहने को लाइन अटैच कर दिया है। उन्होंने बताया कि घटना अक्टूबर 2023 की है। फरार अपराधी दीपक वंशकार के परिजन को पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाई थी। मामले की जाँच की जा रही है। वहीं, मध्यप्रदेश कांग्रेस ने मोहन यादव की सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा कि यह सब सरकार के इशारे पर हो रहा है। कानून-व्यवस्था के नाम पर राज्य में गुंडागर्दी की जा रही है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि घटना से साफ़ हो गया है कि बीजेपी दलित विरोधी है। दलितों के चेहरे पर पेशाब करना, उन्हें पेशाब पिलाना और उनपर हिंसा करने के लिए मध्यप्रदेश के गृहमंत्री और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को छूट दी हुई है।
जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आरोपी टीआई पर एफआईआर क्यों नहीं की गई? पुलिस पर जिसने हमला किया, उनके मकान तोड़े गये। अब पुलिस ने दलितों पर अत्याचार किया, क्या उनका मकान तोड़ा जाएगा? इसके अलावा ख़बर है कि जीतू पटवारी और मध्यप्रदेश कांग्रेस में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक गुरूवार शाम 4 बजे, पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जा सकते है। जहाँ उनकी बात कॉल पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी से करायी जा सकती है।
भीम आर्मी चीफ और नगीना (उप्र) की सीट से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने ‘एक्स’ पर लिखा, “यही है भाजपा के कुशासन का असली दलित प्रेम। जिसमें चोरी के नाम पर किसी भी असहाय परिवार से नाबालिग बच्चे और बुजुर्ग माँ को उठा लो, फिर उन पर अपनी वर्दी की भड़ास निकाल दो। यही है भाजपा के कुशासन का असली दलित प्रेम।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस ने कहा कि शातिर अपराधी दीपक वंशकार के ऊपर पिछले साल चोरी के अपराध में फरार होने पर 10 हजार का इनाम रखा गया था। पुलिस को जानकारी मिली कि परिजनों को अपराधी की लोकेशन के बारे में जानकारी हो सकती है, इसलिये परिवारजनों को पुलिस थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। जाँच के बाद पूरी स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।





