"राबड़ी देवी को कैसे पता कि नीतीश भांग पीते हैं?"
नीतीश कुमार पर राबड़ी देवी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतनराम मांझी ने कहा, "उन्हें यह कैसे पता चला कि नीतीश कुमार भांग पीकर आते हैं? पूरे बिहार को पता है कि राबड़ी देवी के बेटे रात में क्या करते हैं। उन्हें व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए।"
बुधवार को विधान परिषद में राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार को महिला विरोधी बताते हुए कहा था कि वह "भांग पीकर आते हैं और महिलाओं का अपमान करते हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार बेवजह बोलते रहते हैं और उनका व्यवहार अनुचित है। राबड़ी देवी ने नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा, "उन्होंने सदन में मेरा अपमान किया। जब से उनकी सरकार आई, तब से वे कहते हैं कि बिहार की महिलाओं ने कपड़े पहनना शुरू किया। क्या इससे पहले उनके घर की महिलाएं निर्वस्त्र रहती थीं?"
राबड़ी देवी के इस बयान के बाद आरजेडी सदस्यों ने सदन से वॉकआउट कर दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
नीतीश कुमार ने आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब लालू प्रसाद यादव मुख्यमंत्री पद से हटे तो उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बना दिया, लेकिन उनके शासनकाल में बिहार का कोई विकास नहीं हुआ। उन्होंने जोर देकर कहा कि "हमने बिहार में बहुत काम किया है, जबकि विपक्ष ने कोई काम नहीं किया। हमने हिंदू-मुसलमान के बीच झगड़े खत्म करवाए और सभी वर्गों के लिए काम किया।"
राबड़ी देवी के समर्थन में तेजस्वी यादव भी सामने आए और नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार सदन में बैठकर तरह-तरह के इशारे करते हैं। जब राबड़ी देवी बिंदी लगाकर आती हैं, तो वह इशारे से पूछते हैं कि बिंदी क्यों लगाई?"
तेजस्वी ने यह भी मांग की कि "सदन का वह वीडियो सार्वजनिक किया जाए जिसमें नीतीश कुमार महिलाओं को इशारे करते दिखते हैं।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "अब उनके दिन लद गए हैं। उन्हें खुद ही इस्तीफा देकर किसी आश्रम में जाकर बस जाना चाहिए।"
Read This Also:- Bihar: 'हम जवाब देने को तैयार, लेकिन आप सुनना नहीं चाहते'- विधानसभा में गरजे नीतीश कुमार
Read This Also:- Bihar: 'हम जवाब देने को तैयार, लेकिन आप सुनना नहीं चाहते'- विधानसभा में गरजे नीतीश कुमार





