महिला आयोग में शिकायत दर्ज़ कराई थी
महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराने वाले एक महिला संगठन के अनुसार, प्रभावशाली राजनेताओं द्वारा महिलाओं का यौन शोषण करने और उन्हें यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करने के दृश्य पूरे हासन जिले में पेन ड्राइव के माध्यम से फैलाए जा रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किए जा रहे हैं। इन वीडियो में कथित तौर पर प्रज्जवल रेवन्ना को कई महिलाओं के साथ दिखाया गया है। जो वीडियो सामने आए हैं उनमें घर में काम करने वाली महिला बावर्ची से लेकर कई हाई प्रोफाइल महिलाएं तक हैं। इन वीडियोज में प्रज्वल रेवन्ना को यौन शोषण करते और खुद ही इसकी रिकॉर्डिंग करते देखा जा रहा है। इसके बाद कर्नाटक महिला आयोग ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की थी।
डीके शिवकुमार ने पूछे सवाल
मामला सामने आने के बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक में बीजेपी और जेडीएस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए केंद्र सरकार को इस मामलों पर अपनी सफाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्नाटक भाजपा प्रमुख बीवा.ई विजयेंद्र और दूसरे नेताओं को इस पर जवाब देना चाहिए। वहीं कर्नाटक सरकार के मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे ने भाजपा से सवाल किया है। उन्होंने यौन उत्पीड़न के आरोपी जेडीएस सांसद रेवन्ना को हासन से टिकट देने पर बीजेपी से सवाल किया। खड़गे ने कहा रेवन्ना पर इससे पहले भी कई मामले जुड़े हैं फिर भी बीजेपी ने उन्हें टिकट क्यों दिया।
प्रज्जवल को बदनाम करने की कोशिश
जेडीएस और भाजपा दोनों के चुनाव अधिकारी पूर्णचंद्र तेजस्वी ने कथित सेक्स स्कैंडल से जुड़े मामले में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा है कि नवीन गौड़ा और कई अन्य लोगों ने प्रज्वल रेवन्ना को बदनाम करने के लिए ये अश्लील वीडियो शेयर किए हैं। एफआईआर में कहा गया कि नवीन गौड़ा और अन्य ने वीडियो और फोटो में छेड़छाड़ की और प्रज्ज्वल रेवन्ना को बदनाम करने के लिए हासन लोकसभा क्षेत्र में पेन ड्राइव, सीडी और वॉट्सऐप के माध्यम से अश्लील वीडियो और फोटो लोगों के बीच भेजे।





