प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उन्हें गर्व है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी अब तक तीन बार मणिपुर होकर आ चुके है। वहां जाकर उन्होंने सभी से राज्य में फिर से शांति स्थापित किए जाने की अपील की। कांग्रेस ने पूछा कि ऐसा क्या कारण रहा है कि प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा रहे है। कांग्रेस ने बड़ी बात कहते हुए कहा कि इस बात की जाँच की जानी चाहिए कि पीएम मोदी क्यों मणिपुर नहीं जा रहे है। श्रीनेत ने पूछा कि प्रधानमंत्री को मणिपुर आने से किसने रोका है? कांग्रेस प्रवक्ता ने तंज कस्ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कई देशों का दौरा कर चुके हैं, लेकिन किसी तरह उन्हें मणिपुर आने का समय नहीं मिल रहा है।
मणिपुर पर कांग्रेस
श्रीनेत ने कहा कि अब नागरिकों और गांवों को निशाना बनाने के लिए रॉकेट और ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहाँ तक कि पूर्व मुख्यमंत्री के घर पर रॉकेट से हमला किया गया। मणिपुर के राज्यपाल के घर पर पत्थर फेंके जा रहे हैं। सुरक्षा बलों पर हमला किया गया और उनके हथियार छीनने की कोशिश की गई। हालत इतने बिगड़ चुके है कि मणिपुर के कई जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया है, इंटरनेट पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। युवा सड़कों पर हैं और मणिपुर में सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।
सांसद अकोईजाम ने कहा कि आज़ादी के बाद भारत ने उस तरह की हिंसा नहीं देखी जो आज मणिपुर में देखी जा रही है। मणिपुर में संवैधानिक तंत्र पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। हिंसा के चलते 60,000 लोग विस्थापित हो चुके हैं, और राज्य में स्थिति विभाजन जैसी हो गयी है। उन्होंने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री अपने देश की तुलना में दुनिया के दूसरे हिस्सों में संकटों और संघर्षों के बारे में ज़्यादा चिंतित हैं, शायद वह मणिपुर को देश का हिस्सा भी नहीं मानते है।” अकोईजाम ने कहा कि आज जो मणिपुर में हो रहा है, उसकी जिम्मेदार पूरी तरीके से भारत सरकार है।





