Molitics Logo
होम ऑडियो क्लिप में BJP का बड़ा आरोप: AAP विधायक नरेश बालियान की गैंगस्टर से कथित बातचीत

ऑडियो क्लिप में BJP का बड़ा आरोप: AAP विधायक नरेश बालियान की गैंगस्टर से कथित बातचीत

गौरव भाटिया और वीरेंद्र सचदेवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ऑडियो क्लिप सुनाते हुए बताया कि उनके पास ऐसे तीन ऑडियो हैं, जिन्हें सार्वजनिक किया जा रहा है।

ऑडियो क्लिप में BJP का बड़ा आरोप: AAP विधायक नरेश बालियान की गैंगस्टर से कथित बातचीत
फोटो: ऑडियो क्लिप में BJP का बड़ा आरोप: AAP विधायक नरेश बालियान की गैंगस्टर से कथित बातचीत
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक नरेश बालियान पर गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शनिवार को तीन ऑडियो सार्वजनिक करते हुए उत्तम नगर के विधायक पर गैंगस्टर के साथ मिलकर वसूली का आरोप लगाया। नरेश बालियान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह मामला कई साल पुराना और फर्जी है। उन्होंने बताया कि हाई कोर्ट ने इसे गलत, ट्रैप और धमकी मानते हुए चैनलों से हटवाया था। लाइव हिन्दुस्तान कथित ऑडियो क्लिप्स की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

गौरव भाटिया और वीरेंद्र सचदेवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ऑडियो क्लिप सुनाते हुए बताया कि उनके पास ऐसे तीन ऑडियो हैं, जिन्हें सार्वजनिक किया जा रहा है। भाजपा के प्रवक्ता ने कहा, "हम जो ऑडियो क्लिप जारी कर रहे हैं, वह आप विधायक नरेश बालियान की एक गैंगस्टर से बातचीत है। दोनों का व्यवहार सगे भाइयों जैसा है। विधायक बिल्डर से वसूली की बात कर रहे हैं और साठगांठ ऑडियो में स्पष्ट सुनी जा सकती है। वे सावधानी बरतते हुए दूसरे फोन और सिग्नल पर बात करने की चर्चा करते हैं। बिल्डर से हवाला के माध्यम से रुपयों के बंटवारे की बात की जा रही है।" यह आरोप ऐसे समय लगाया गया है जब एक दिन पहले ही विधानसभा में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा प्रहार किया था।

गौरव भाटिया ने कहा कि अराजक पार्टी को समझना होगा कि जनता ने उन्हें शराब घोटाला और वसूली रैकेट चलाने के लिए नहीं चुना है। उन्होंने कहा कि यह अरविंद केजरीवाल की सहमति के बिना संभव नहीं है, क्योंकि कुछ समय पहले भी नरेश बालियान का इसी तरह का एक ऑडियो सामने आया था। यह दूसरी घटना एक सिंडिकेट की ओर इशारा करती है। भाटिया ने कहा कि दिल्ली की जनता परेशान है और बदलाव का समय आ गया है। गुंडों और अपराधियों का यह खेल अब ज्यादा दिन नहीं चलेगा। उन्होंने नरेश बालियान को पार्टी से निष्कासित करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

नरेश बालियान ने क्या कहा?

बालियान ने भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, "माननीय हाई कोर्ट ने स्वयं इसे गलत, ट्रैप और धमकी बताते हुए सभी चैनलों से यह फर्जी खबर हटवाई थी। यह कई साल पुराना मामला है। जब केजरीवाल जी ने कानून व्यवस्था पर भाजपा को घेरा, तो ये पुरानी फर्जी खबर लेकर आ गए। माननीय कोर्ट ने न्यूज चैनलों को फटकार लगाते हुए वीडियो हटवाया था। आप लोगों को देखकर हंसी आती है। कुछ काम किए होते तो आज फर्जीवाड़े की जरूरत नहीं पड़ती। करते रहो, मुझे मजा आ रहा है। पुलिस तुम्हारी, CBI तुम्हारी, और भौंक भी रहे हो।" आप विधायक ने 2023 की एक खबर साझा करते हुए एक्स पर लिखा, "भाजपा के कुकर्मियों, कोर्ट का आदेश पढ़ लो अपनी मनगढ़ंत कहानियों पर। बकवास जारी रखो और मनोरंजन करते रहो, इस बार तीन सीट भी नहीं मिलेगी। नजफगढ़ ड्रेन में नाक डुबा लो।"