पटना में मीडिया से बात करते हुए राबड़ी देवी ने कहा,
"तेजस्वी यादव को जान का खतरा है। उन्हें मारने की चार बार कोशिश की गई है। अभी भी उनके खिलाफ साजिश हो रही है। यह साजिश कौन रच सकता है? जेडीयू और बीजेपी को छोड़कर और कौन करेगा? ये लोग संस्कारहीन हैं… नाले के कीड़े हैं।"
राबड़ी देवी के इस बयान ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है और इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में जोरदार चर्चा हो रही है।
Bihar Election: पाँचवे दिन भी विधानसभा में हंगामा
बिहार विधान परिषद के मानसून सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस देखने को मिली। विपक्ष की ओर से लगातार नारेबाजी की गई, जिससे सदन का माहौल गर्मा गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी नेताओं के काले कपड़ों पर आपत्ति जताते हुए कटाक्ष किया। उन्होंने राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए कहा, "हाय-हाय नहीं, ये सब पूरा खाय-खाय है। पहले ऐसा सब पहनते थे? अब तो सब अनाप-शनाप पहनकर आते हैं।"
मुख्यमंत्री के इस बयान पर विपक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। राबड़ी देवी ने पलटवार करते हुए नीतीश कुमार को जनता के बीच जाकर जवाब देने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों से भाग रही है और सवालों से बचने के लिए विपक्ष पर निजी हमले कर रही है।
इससे पहले शुक्रवार सुबह विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही जोरदार हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी विधायकों पर जमकर बरसे और उन्हें दूसरों की बात सुनने की नसीहत दी।
कब होंगे बिहार विधानसभा चुनाव?
बिहार विधानसभा चुनाव संभवतः अक्टूबर-नवंबर 2025 में आयोजित किए जाएंगे। राज्य की 243 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा, जिसमें सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को कम से कम 122 सीटें जीतनी होंगी। चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है। एनडीए में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल यूनाइटेड (जदयू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (जीतन राम मांझी) और रालोसपा (उपेंद्र कुशवाहा) शामिल हैं।
वहीं दूसरी ओर, राजद, कांग्रेस, वामपंथी दल और अन्य क्षेत्रीय पार्टियों के महागठबंधन ने भी चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके अलावा, चुनावी मैदान में प्रशांत किशोर की 'जन सुराज' और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, जो त्रिकोणीय या बहुकोणीय मुकाबले की संभावना को मजबूत कर रही हैं।





