Molitics Logo
होम मोदी-ट्रंप वार्ता से पहले अमेरिका का बड़ा बयान, व्यापारिक रिश्तों पर असर?

मोदी-ट्रंप वार्ता से पहले अमेरिका का बड़ा बयान, व्यापारिक रिश्तों पर असर?

उन्होंने भारत और ताइवान का जिक्र करते हुए कहा कि ये देश अमेरिका की तुलना में अधिक शुल्क वसूलते हैं, जबकि कनाडा, मेक्सिको और ब्रिटेन जैसे देश तुलनात्मक रूप से |

मोदी-ट्रंप वार्ता से पहले अमेरिका का बड़ा बयान, व्यापारिक रिश्तों पर असर?
फोटो: Modi-Trump, America
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा से ठीक पहले ट्रंप प्रशासन ने भारत के टैरिफ नीति को लेकर चिंता जाहिर की है। व्हाइट हाउस के आर्थिक सलाहकार केविन हैसेट ने भारत द्वारा अमेरिकी उत्पादों पर लगाए जाने वाले अधिक शुल्क को व्यापार में बाधा बताया है। उन्होंने साफ कहा कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

अमेरिका को भी बराबर टैरिफ लगाने की जरूरत: हैसेट


केविन हैसेट ने कहा कि अगर कोई देश अमेरिकी उत्पादों पर ज्यादा टैरिफ लगाता है, तो अमेरिका को भी उनके सामान पर उतना ही शुल्क लगाना चाहिए। उन्होंने भारत और ताइवान का जिक्र करते हुए कहा कि ये देश अमेरिका की तुलना में अधिक शुल्क वसूलते हैं, जबकि कनाडा, मेक्सिको और ब्रिटेन जैसे देश तुलनात्मक रूप से समान टैरिफ नीति अपनाते हैं। यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका ने भारत की टैरिफ नीति पर सवाल उठाए हैं। ट्रंप अपने चुनाव प्रचार के दौरान से ही यह कहते रहे हैं कि भारत और चीन अमेरिकी उत्पादों पर अधिक शुल्क लगाते हैं, जबकि अमेरिका उनके सामान को बिना ज्यादा कर के स्वीकार करता है। उन्होंने कई बार इस मुद्दे पर भारत की आलोचना की है और इसे अनुचित व्यापारिक रवैया बताया है।

मोदी-ट्रंप की मुलाकात में टैरिफ पर होगी चर्चा?


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय पेरिस दौरे पर हैं, जिसके बाद वह 12 से 14 फरवरी तक अमेरिका की यात्रा करेंगे। इस दौरान उनकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें टैरिफ के अलावा चाबहार पोर्ट सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। ट्रंप इस मुद्दे को लेकर सख्त नजर आ रहे हैं, ऐसे में उम्मीद है कि इस बैठक के बाद कोई ठोस निर्णय लिया जा सकता है।

डोनाल्ड ट्रंप चुनाव जीतने के बाद से ही 'अमेरिका फर्स्ट' नीति को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसके तहत वह अमेरिकी वर्कर्स और व्यापार की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहते हैं। उनका मानना है कि भारत जैसे देश अमेरिकी सामानों पर 100 से 200 फीसदी तक टैक्स लगाते हैं, जबकि अमेरिका उनके उत्पादों पर कम शुल्क लगाता है। ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अगर भारत अपने टैरिफ नियमों में बदलाव नहीं करता, तो अमेरिका भी जवाबी कार्रवाई कर सकता है।

Read This Also:- विदेश से गिरोह चला रहे भारतीय अपराधी निशाने पर, अमेरिका से वापसी की तैयारी तेज