ईमानदार राजनीति को खत्म करने की साजिश
चुनावी कैंपेन लॉन्च करते हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा कि केजरीवाल ने अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाई है। अब यह जिम्मेदारी दिल्ली के 2 करोड़ लोगों की है जिनके लिए अरविंद केजरीवाल ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया है। संदीप पाठक ने कहा दिल्ली सरकार ने दिल्ली के लोगों के लिए अपना संघर्ष कभी नहीं रोका। बीजेपी, दिल्ली से शुरू हुई ईमानदार राजनीति को खत्म करने की साजिश कर रही है। इसे बचाने की जिम्मेदारी दिल्ली के लोगो की है। हम एक अभियान शुरू कर रहे है, “जेल का जवाब वोट से,” दिल्ली के लोग केजरीवाल की गिरफ्तारी का जवाब लोकसभा चुनाव में अपने वोट से दें।
बीजेपी सबसे बड़ी भ्रष्ट पार्टी
इस मौके पर पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। संजय सिंह ने कहा कि 33 कंपनियां ऐसी है, जिन्हें 7 साल में 1 लाख करोड़ रुपये का घाटा हुआ। लेकिन फिर भी इन कंपनियों ने 450 करोड़ रुपये का चंदा भारतीय जनता पार्टी को दिया। इनमें से 17 कंपनियों ने टैक्स नहीं दिया। 6 कंपनी ऐसी है, जिन्होंने बीजेपी को 600 करोड़ रुपये का चंदा दिया है। एक कंपनी ऐसी है जिसने अपने मुनाफे से 3 गुना ज्यादा चंदा दिया है। संजय सिंह ने कहा कि इनमें से एक कंपनी ऐसी है जिसने अपने मुनाफे का 93 गुना ज्यादा चंदा दिया। तीन कंपनी ऐसी हैं जिन्होंने कभी इनकम टैक्स नहीं दिया लेकिन इन कंपनियों ने बीजेपी को 28 करोड़ रूपए चंदा इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए दिया।
संजय सिंह ने दिल्ली के लोगों से अपील की कि लोकसभा चुनाव में केजरीवाल के काम को वोट दें। वोट डालने से पहले अपने आस-पास के स्कूल और मोहल्ला क्लिनिक को देखें।
दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि जिस तरह से दिल्ली के लोगों ने बीजेपी को दिल्ली के नगर निगम के चुनाव में हराया था, अब यही काम लोकसभा चुनाव में करना है। गोपाल राय ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव, चुनाव नहीं आंदोलन बनेगा।





