Molitics Logo
होम राष्ट्रीय BPSC: पप्पू यादव ने 12 जनवरी को बिहार बंद का किया आह्वान, परीक्षा में अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग
राष्ट्रीय

BPSC: पप्पू यादव ने 12 जनवरी को बिहार बंद का किया आह्वान, परीक्षा में अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने बिहार में बीपीएससी 70वीं पीटी परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं के खिलाफ 12 जनवरी को बिहार बंद का आह्वान किया है।

BPSC: पप्पू यादव ने 12 जनवरी को बिहार बंद का किया आह्वान, परीक्षा में अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग
फोटो: Pappu Yadav, BPSC,
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने बिहार में बीपीएससी 70वीं पीटी परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं के खिलाफ 12 जनवरी को बिहार बंद का आह्वान किया है। पप्पू यादव ने यह कदम बीपीएससी परीक्षा में गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर उठाया है। मंगलवार को उन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की और उनसे इस परीक्षा में हुई गड़बड़ी की पारदर्शी और उच्च स्तरीय जांच कराने का आग्रह किया। 

पप्पू यादव ने यह भी बताया कि 9 जनवरी को महागठबंधन के नेताओं के साथ एक बड़ा धरना प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा, ताकि इस मुद्दे को और अधिक मजबूती से उठाया जा सके। इससे पहले, 3 जनवरी को पप्पू यादव के समर्थकों ने बिहार बंद का आह्वान किया था, जो पटना के अलावा कोसी और सीमांचल के क्षेत्रों में व्यापक रूप से प्रभावी रहा। इस दौरान, उन्होंने बीपीएससी परीक्षा में अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर कई जगहों पर ट्रेनों और गाड़ियों को रोका था। सांसद पप्पू यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उनकी बातों को पूरी सहानुभूति के साथ सुना और आश्वासन दिया कि बीपीएससी के उम्मीदवारों के साथ कोई भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। 

राज्यपाल ने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति के गठन की बात भी स्वीकार की। पप्पू यादव ने जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर (पीके) पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर ने इस गंभीर मुद्दे का राजनीतिकरण कर दिया है और बीपीएससी की गड़बड़ी के मुद्दे को नजरअंदाज कर केवल अपनी व्यक्तिगत राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीके छात्रों के आंदोलन को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उन्हें छात्रों के संघर्ष को समर्थन देना चाहिए था। पप्पू यादव ने पीके से यह सलाह दी कि वे छात्रों को अपने आंदोलन में पूरी तरह से स्वतंत्र छोड़ दें और अपनी राजनीति के लिए इस मुद्दे का उपयोग न करें।

 सांसद पप्पू यादव ने अब 12 जनवरी को एक बार फिर बिहार बंद का आह्वान किया है, जिसमें उन्होंने सभी विपक्षी दलों को भी शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया है। उनका कहना है कि यह मुद्दा केवल एक पार्टी का नहीं बल्कि पूरे राज्य और छात्रों का है, और सभी को एकजुट होकर इस गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। पप्पू यादव ने उम्मीद जताई कि बिहार के लोग इस बंद को समर्थन देंगे और सरकार पर दबाव डालेंगे ताकि बीपीएससी परीक्षा में हुई अनियमितताओं की सही तरीके से जांच हो सके।

Read This Also:- बिहार से लापता नथुनी पाल 17 साल बाद झांसी में मिला, हत्या के आरोप में जेल गए परिवार वाले हैरान