अमित शाह ने चिदंबरम के सवाल पर किया पलटवार
अमित शाह ने पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब संसद में इस मुद्दे पर बहस होनी थी, तभी चिदंबरम ने सवाल उठाया कि “क्या सबूत है कि आतंकी पाकिस्तान से आए?” इस पर शाह ने कहा, “क्या पाकिस्तान को क्लीन चिट देना चाहते हैं? इससे आपको क्या मिलेगा?”
अमित शाह ने बताया कि मारे गए तीन आतंकियों में से दो के पास पाकिस्तान के वोटर कार्ड बरामद हुए हैं और उनके पास से मिली चॉकलेट भी पाकिस्तान निर्मित थी। उन्होंने कहा कि इस तरह के सवाल उठाकर चिदंबरम पाकिस्तान को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ माना है।
पहलगाम हमले की जांच NIA को सौंपी गई- अमित शाह
गृह मंत्री ने जानकारी दी कि पहलगाम हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी गई, जिसने अब तक 1055 लोगों से पूछताछ की है जिसमें पीड़ित परिवार, पर्यटक, खच्चर संचालक और दुकानदार शामिल हैं। जांच में प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्धों के स्केच तैयार किए गए, और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि तीनों आतंकी हमले से पहले बैसारण के ढोक क्षेत्र में देखे गए थे। उनमें से दो ने काली पोशाक पहनी थी और एक ने वेशभूषा बदली हुई थी। बाद में ऑपरेशन महादेव में मारे गए आतंकियों की पहचान इन प्रत्यक्षदर्शियों ने की।
गृह मंत्री ने बताया कि घटनास्थल से मिले कारतूसों की एसएफएल जांच, बैलिस्टिक जांच और चंडीगढ़ में राइफलों की पुष्टि से यह साबित हो गया कि मारे गए आतंकी वही थे जो पहलगाम हमले में शामिल थे।
उन्होंने कहा, “सुरक्षा विशेषज्ञों ने खुद पुष्टि की है कि ऑपरेशन महादेव में इस्तेमाल हुई गोलियां वही थीं जो पहलगाम में चली थीं। मोदी सरकार ने न केवल आतंकियों को मारा, बल्कि उन्हें भेजने वालों को भी निशाना बनाया है।”





