CambodiaThailand Conflict: हमलों में दो लोगों की जान गई
थाईलैंड के सुरिन प्रांत के कब्चिंग जिले में हुए हमलों में दो लोगों की जान गई और कई घर तबाह हो गए। जिला प्रशासन ने 86 गांवों से करीब 40,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। थाई सेना की उप प्रवक्ता रिचा सुक्सुवानन ने पुष्टि की कि छह एफ-16 विमानों में से एक ने कंबोडिया में सैन्य ठिकाने पर बमबारी की। कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले को "थाईलैंड की आक्रामक और क्रूर सैन्य कार्रवाई" बताते हुए कड़ी निंदा की है। कंबोडिया ने यह भी आरोप लगाया कि थाईलैंड ने पहले हमला कर समझौते का उल्लंघन किया है।
यह टकराव उस वक्त और भड़क गया जब बारूदी सुरंग विस्फोट में एक थाई सैनिक का पैर उड़ा और तीन अन्य घायल हो गए। थाईलैंड ने इसके लिए कंबोडिया को जिम्मेदार ठहराया, जबकि कंबोडिया का दावा है कि थाई सैनिक अनजाने में पुराने गृहयुद्ध काल की सुरंगों में दाखिल हो गए थे। तनाव के बीच थाई सरकार ने कंबोडिया से अपने राजदूत को वापस बुला लिया है और कंबोडियाई राजदूत को निष्कासित करने की घोषणा की है। थाईलैंड ने कहा है कि वह अपने आत्मरक्षा उपायों को और तेज़ करने के लिए तैयार है।
कंबोडिया के पूर्व प्रधानमंत्री हुन सेन ने सोशल मीडिया पर कहा कि थाई सेना ने ओद्दार मींचे और प्रीह विहियर प्रांतों पर हमला किया है, जिससे कंबोडियाई सेना को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने जनता से संयम बरतने और घबराकर खाद्य सामग्री जमा न करने की अपील की है। नोम पेन्ह स्थित रॉयल थाई दूतावास ने कंबोडिया में रह रहे थाई नागरिकों से कहा है कि स्थिति लगातार बिगड़ रही है और उन्हें “जहां तक संभव हो” तुरंत देश छोड़ देना चाहिए।





