पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में उस समय भारी हंगामा और तोड़फोड़ हुई, जब छात्रा के साथ कथित बलात्कार और उसकी खुदकुशी की खबर सोशल मीडिया पर फैल गई। गुस्साए छात्रों ने कैंपस में आगजनी की और जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।
पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में देर रात शुरू हुआ छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ कथित बलात्कार और उसके बाद खुदकुशी कर लेने की खबरें सामने आई थीं, जिसके बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी
प्रदर्शनकारी छात्रों ने शुरुआत में शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग करते हुए नारेबाजी की। हालांकि, स्थिति तब बिगड़ गई जब कुछ उपद्रवियों ने यूनिवर्सिटी भवन की खिड़कियों के शीशे और गमले तोड़ दिए। कैंपस के कुछ हिस्सों में आगजनी भी की गई। इसके अलावा, छात्रों के एक बड़े समूह ने जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
प्रदर्शनी में शामिल एक छात्र के अनुसार, विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर पर छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा था। आरोप है कि घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने पीड़ित छात्रा को घर भेज दिया, जिसके बाद उसकी रूममेट ने अन्य छात्रों को सूचित किया कि छात्रा ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन इन दावों को अफवाह बता रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन का रुख
जालंधर रेंज के डीआईजी (DIG) नवीन सिंगला ने बताया कि छात्रों के बयानों के आधार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
वहीं, कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने कहा कि पुलिस को सीधे तौर पर बलात्कार की किसी घटना की जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने बताया, "हमें रात में सूचना मिली कि हाईवे जाम किया गया है। मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। शुरुआती जांच में यह यूनिवर्सिटी प्रशासन और छात्रों के बीच किसी गलतफहमी का मामला लग रहा है।"
यूनिवर्सिटी ने जारी की एडवाइजरी
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर छात्रों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा:
"सोशल मीडिया पर चल रही खबरें पूरी तरह से झूठी और भ्रामक हैं, जिन्हें शरारती तत्वों द्वारा फैलाया जा रहा है। सभी छात्र अपने हॉस्टल/कमरों में सुरक्षित रहें और किसी भी तरह की हिंसक या उकसाने वाली गतिविधि का हिस्सा न बनें।"
फिलहाल पुलिस ने हाईवे को खाली करा लिया है और कैंपस में सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। नुकसान का आकलन कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





