Molitics Logo
होम रिपोर्ट्स खड़गे के बयान पर दिल्ली में गरमाई सियासत: बीजेपी युवा मोर्चा का उग्र प्रदर्शन और माफी की मांग
रिपोर्ट्स • दिल्ली

खड़गे के बयान पर दिल्ली में गरमाई सियासत: बीजेपी युवा मोर्चा का उग्र प्रदर्शन और माफी की मांग

खड़गे के बयान के खिलाफ दिल्ली में बीजेपी युवा मोर्चा का उग्र प्रदर्शन, प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी पर माफी की मांग की।

खड़गे के बयान पर दिल्ली में गरमाई सियासत: बीजेपी युवा मोर्चा का उग्र प्रदर्शन और माफी की मांग
फोटो: मल्लिकार्जुन खड़गे, नरेंद्र मोदी, बीजेपी प्रदर्शन, दिल्ली भाजपा, राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके परिवार को लेकर दिए गए बयानों के बाद राजधानी दिल्ली में राजनीतिक पारा बेहद गर्म हो गया है। इसके विरोध में दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चा और ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राजाजी मार्ग पर स्थित कांग्रेस अध्यक्ष के आवास की ओर मार्च निकाला और जोरदार प्रदर्शन किया।

 

प्रदर्शनकारियों का गुस्सा इस बात को लेकर था कि विपक्ष राजनीतिक मर्यादा लांघते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार और उनके माता-पिता पर लगातार अभद्र टिप्पणियां कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सुरक्षा के पहले व दूसरे घेरे के बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री तैनात रही। पुलिस द्वारा इलाके में धारा 163 लागू होने का हवाला दिए जाने के बावजूद कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए और चेतावनी दी कि जब तक खड़गे देश से माफी नहीं मांगते, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

 

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे एसआईआर (Special Intensive Revision) और मतदाता सूची से जुड़े आरोपों पर भी कड़ा पलटवार किया। भाजपा नेताओं का कहना था कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह समय-समय पर होने वाली सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था है, जिसके तहत केवल मृत, स्थानांतरित या फर्जी मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। विपक्ष अपनी हार की बौखलाहट में इस प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैला रहा है और प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहा है।

 

पुलिस और सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और आगे बढ़ने से रोकने के लिए कड़ी मशक्कत की। राजाजी मार्ग पर हुए इस उग्र प्रदर्शन ने एक बार फिर पक्ष और विपक्ष के बीच चल रहे तीखे वैचारिक और राजनीतिक टकराव को सतह पर ला दिया है।

इस पूरी खबर को वीडियो फॉर्मेट में देखिए के लिए, क्लिक करें नीचे दिए गए लिंक पर- https://youtu.be/haACLwXmK7A?si=66y_zoNbtyYV4auZ

Video