Molitics Logo
होम ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने सात पाक एयरबेस किए तबाह, रहीम यार खान रनवे एक हफ्ते के लिए बंद

ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने सात पाक एयरबेस किए तबाह, रहीम यार खान रनवे एक हफ्ते के लिए बंद

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या के बाद भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया।

ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने सात पाक एयरबेस किए तबाह, रहीम यार खान रनवे एक हफ्ते के लिए बंद
फोटो: ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने सात पाक एयरबेस किए तबाह, रहीम यार खान रनवे एक हफ्ते के लिए बंद
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या के बाद भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाकों में सक्रिय आतंकी शिविरों पर सटीक और सफल हवाई हमले किए। भारतीय हमलों में कुल 9 आतंकी अड्डे ध्वस्त कर दिए गए, जिससे पाकिस्तान में हड़कंप मच गया। इस हमले से बौखलाए पाकिस्तान ने भारत पर ड्रोन और मिसाइल हमले की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा प्रणालियों ने इन प्रयासों को नाकाम कर दिया। इसके बाद भारतीय वायुसेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के सात प्रमुख सैन्य एयरबेसों को निशाना बनाया। इनमें पंजाब प्रांत स्थित रहीम यार खान एयरबेस भी शामिल था, जिसे भारतीय हमले में गंभीर क्षति पहुंची। इस एयरबेस को हुए नुकसान के चलते पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन विभाग ने 11 मई की शाम को नोटिस टु एयरमेन (NOTAM) जारी कर मुख्य रनवे को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की। 

NOTAM में बताया गया है कि एयरबेस का मुख्य रनवे 10 मई से 18 मई तक बंद रहेगा। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि रनवे पर मरम्मत कार्य चल रहा है, लेकिन जानकार सूत्रों के अनुसार यह बंदी भारतीय हमले से हुए नुकसान की मरम्मत के कारण है। भारतीय वायुसेना द्वारा जारी की गई सैटेलाइट इमेजरी ने भी इस दावे को पुष्ट किया है कि रहीम यार खान एयरबेस को निशाना बनाकर हमला किया गया था। इन तस्वीरों में रनवे और आस-पास के सैन्य ढांचे को हुए व्यापक नुकसान को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इस एयरबेस पर स्थित शेख जायेद इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी हमले की चपेट में आया। 

एयरपोर्ट का मुख्य रनवे 01/19 करीब 3,000 मीटर लंबा है, जो अब अस्थायी रूप से संचालन योग्य नहीं है। इस संघर्ष के दौरान भारतीय वायुसेना ने रहीम यार खान के साथ-साथ रफीकी, मुरीद, चकलाला, सुक्कुर और जुनिया जैसे पाकिस्तान के अन्य प्रमुख सैन्य अड्डों पर भी सटीक हमले किए। इन हमलों से पाकिस्तान की सैन्य संरचनाओं को भारी क्षति हुई और कई सामरिक संसाधन नष्ट हो गए। भारत के रक्षा सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर एक रणनीतिक और सीमित सैन्य कार्रवाई थी, जिसका उद्देश्य आतंकवाद को समर्थन देने वाली पाकिस्तान की नीति को कड़ा संदेश देना था। वहीं पाकिस्तान की ओर से किए गए जवाबी हमलों को भारत ने सफलतापूर्वक नाकाम करते हुए सीमाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित किया। हालांकि इस तनावपूर्ण स्थिति के बाद शनिवार की शाम दोनों देशों के बीच सीजफायर समझौता हो गया, जिससे क्षेत्र में अस्थायी शांति बनी है। 

फिलहाल दोनों देशों की सेनाएं अलर्ट मोड पर हैं और सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है। यह घटनाक्रम भारत की नई रक्षा नीति की झलक देता है, जिसमें आतंकवाद के खिलाफ "नो टॉलरेंस" की रणनीति को प्राथमिकता दी गई है। ऑपरेशन सिंदूर न सिर्फ भारत की सैन्य क्षमता का प्रतीक बना, बल्कि यह संदेश भी स्पष्ट कर दिया कि आतंकवाद और उसके संरक्षकों के खिलाफ भारत किसी भी स्तर तक जाकर कार्रवाई करने के लिए तैयार है।