गृह मंत्री को मिलने से किया इनकार – "मेरी हिम्मत की दाद दो"
अपने संबोधन के दौरान रेखा गुप्ता ने मजाकिया लहजे में कहा, "मेरा गृह मंत्री जी से मिलने का समय तय था, लेकिन मैंने उन्हें मना कर दिया। मैंने कहा कि सर, आज हमारे क्षेत्र में कार्यकर्ता धन्यवाद समारोह है और मुझे इसमें शामिल होना है, इसलिए मैं नहीं आ पाऊंगी। कृपया मुझे कोई और समय दें। सोचिए, मैंने खुद गृहमंत्री जी को मना कर दिया, मेरी हिम्मत की दाद दो!" उनके इस बयान पर समारोह में मौजूद लोगों ने जोरदार ठहाके लगाए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि सरकार ने यमुना नदी की सफाई के लिए एक व्यापक योजना बनाई है। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने यमुना नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया है। इसी के तहत, बहुत जल्द इस पर एक छोटा क्रूज चलेगा, जिससे दिल्लीवासियों को नया पर्यटन अनुभव मिलेगा।"
रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि इस परियोजना को लेकर दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) साइन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बैठक में उपराज्यपाल भी मौजूद थे, और इसके तुरंत बाद वे इस समारोह में शामिल होने पहुंची।
क्या है यह MoU और क्यों है महत्वपूर्ण?
MoU को लेकर रेखा गुप्ता ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) अकाउंट पर भी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, "दिल्ली सरकार लगातार जनहित में ऐतिहासिक फैसले ले रही है, जो राज्य के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में, मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि 2016 के अंतर्देशीय जलमार्ग अधिनियम के तहत यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह जलमार्ग जगतपुर (दिल्ली) से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तक फैला होगा।"
उन्होंने आगे बताया कि इस परियोजना के तहत नदी पर्यटन, फेरी सेवाओं और जल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए एक अहम MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह पहल दिल्ली की अर्थव्यवस्था और पर्यावरणीय विकास को गति देने के साथ-साथ हरित परिवहन को बढ़ावा देगी और यमुना किनारे रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाएगी।
इस परियोजना के सफल कार्यान्वयन से दिल्ली के पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। यमुना में क्रूज सेवा शुरू होने से न केवल दिल्लीवासियों को एक नया ट्रांसपोर्ट विकल्प मिलेगा, बल्कि इससे पर्यावरण को भी लाभ पहुंचेगा। सरकार का मानना है कि यह कदम राजधानी में हरित परिवहन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Read This Also:- CM योगी ने इस्लामी आक्रमण के नाम पर ‘इतिहास’ को फिर खोदा, संभल के वज़ूद को लेकर खड़े किए सवाल
Read This Also:- CM योगी ने इस्लामी आक्रमण के नाम पर ‘इतिहास’ को फिर खोदा, संभल के वज़ूद को लेकर खड़े किए सवाल





