भूपेश बघेल ने क्या कहा
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, “कार्यकर्ता साथी तैयार रहें, 6 महीने- 1 साल के भीतर मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं। फडणवीस इस्तीफा दे रहे हैं, योगी की कुर्सी डोल रही है। भजनलाल शर्मा भी डगमग-डगमग रहे हैं। सरकार बनी नहीं है लेकिन जदयू प्रवक्ता अग्निवीर योजना रद्द करने और जातिगत जनगणना की बात कर रहे हैं। ये सब वो मुद्दे हैं जो राहुल गांधी जी लेकर चले हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि लोगों ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनावों में भाजपा को सबक सिखाया है। जनता ने उन लोगों को अच्छा सबक सिखाया है जो पार्टियों को तोड़ते हैं, चुने हुए मुख्यमंत्रियों को जेल में डालते हैं और उन्हें धमकाते हैं। भूपेश बघेल ने पीएम मोदी पर भी तंज करते हुए कहा, 'ऊंट अब पहाड़ के नीचे आ चुका है। जो लोग दिन में तीन बार कपड़े बदलते थे, वे अब एक ही पोशाक में तीन कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं, उन्हें अब खाने-पीने या पहनने की परवाह नहीं है।
बीजेपी ने किया पलटवार
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान का बीजेपी ने भी जवाब दिया है। भूपेश बघेल के मध्यावधि चुनाव के दावों पर छत्तीसगढ़ सीएम विष्णुदेव साय ने कहा, “उन्हें अपने ख्यालों में रहने दीजिए, उन्हें उसी में खुश रहने दीजिए। हमारी एनडीए सरकार पूरे 5 साल तक चलेगी। पहले भी 10 साल हमारी सरकार चली है, अब आगे भी पांच साल हमारी सरकार चलने वाली है। इसी ख्याली मुगालते में रहना चाहिए, क्योंकि अब उनके पास कोई दूसरा रास्ता बचा नहीं है।”
बीजेपी चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक शिवरतन शर्मा ने कहा कि देश में लोकतंत्र है। लोकतांत्रिक राष्ट्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। भूपेश बघेल जागते हुए सपना देखते हैं तो अच्छी बात है, सपना देखते हुए जियें। उन्होने कहा, “भारतीय जनता पार्टी की सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी, दमदारी के साथ राष्ट्रहित में जो फैसला लेना पड़ेगा, निर्णय लेकर देश का विकास करेगी।”
कांग्रेस को मिली सिर्फ एक सीट
छत्तीसगढ़ लोकसभा चुनाव नतीजों की अगर बात करें तो राज्य में कांग्रेस ने एक और बीजेपी ने 10 सीट पर सफलता हासिल की है। राजनांदगाँव से मौजूदा सांसद संतोष पांडेय ने भूपेश बघेल को 44 हजार 411 वोटों से हरा दिया। संतोष पांडे को 7 लाख 12 हजार 57 वोट मिले जबकि बघेल को 6 लाख 67 हजार 646 वोट मिले।





