मनोबल बढ़ाने के लिए काल्पनिक वादे
एनडीए की बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “विपक्ष ने 2024 लोकसभा नतीजों को हमारे लिए हार के रूप में पेश किया लेकिन हम हारे नहीं, कभी नहीं हारे और हम कभी नहीं हारेंगे।” उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि अगर हम लोकसभा के नतीजों को देखे, तो हर पैरामीटर से दुनिया मानेगी कि यह एनडीए की महाविजय है। आपने देखा कि दो दिन कैसे बीते, ऐसा लगा कि हम हार गए, क्योंकि उन्होंने(इंडिया गठबंधन) अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए काल्पनिक वादे किये। अगर गठबंधन के इतिहास में आंकड़े देखे तो यह सबसे मजबूत गठबंधन सरकार होगी।"
मोदी ने कहा कि 2024 का जनादेश एक बात को बार-बार मजबूती दे रहा है कि देश में आज के वातावरण में सिर्फ एनडीए पर भरोसा है। अब जब इतना भरोसा है, तो स्वाभाविक है कि देश की अपेक्षा भी बढ़ेगी। हमने 10 साल में जो किया वो सिर्फ ट्रेलर था, हमें और तेजी से देश की आकांक्षाओं को पूरा करना है।
सरकार चलाने के लिए बहुमत जरूरी
नरेंद्र मोदी ने कहा, "लोकतंत्र का सिद्धांत हैं कि सरकार चलाने के लिए बहुमत जरूरी है। लेकिन देश चलाने के लिए सर्वमत बहुत जरूरी है। मैं देश की जनता को विश्वास दिलाता हूँ कि उन्होंने सरकार चलाने के लिए जो बहुमत दिया है, हमारा प्रयास होगा की हम आम सहमति से देश को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। एनडीए ने लगभग तीन दशक पूरे कर लिए हैं, यह कोई साधारण बात नहीं है। मैं कह सकता हूं कि यह सबसे सफल गठबंधन है।"
इंडिया गठबंधन पर लगाया फेक न्यूज़ का आरोप
नरेंद्र मोदी ने इंडिया गठबंधन पर फेक न्यूज़ फैलाने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा, “आज कल कई लोग सरकार बनाने में लगे हैं, मंत्री पद बांट रहे है, मैं आपसे आग्रह पूर्वक कर रहा हूं कि यह सारे प्रयास निरर्थक हैं। ऐसी गप्पेबाजी करने वाली बहुत बड़ी फौज है, मैं सभी से कहूंगा कि हमें इन सारे षडयंत्रो से दूर रहना हैं। इंडिया गठबंधन ने फेक न्यूज़ में डबल पीएचडी कर ली हैं, लेकिन हम इससे दूर हैं।” मोदी ने कहा कि कांग्रेस 10 साल बाद भी 100 का आंकड़ा नहीं छू सकी। पिछले तीन चुनावों से उनकी सीट बीजेपी से कम हैं। इंडिया गठबंधन में बिखराव शुरू हो चुका है, वो सिर्फ सत्ता के लिए एक हुए थे।





