Molitics Logo
होम सीएम योगी से अनबन की चर्चा के बीच डिप्टी सीएम मौर्य बोले - ‘संगठन सरकार से ऊपर है!'

सीएम योगी से अनबन की चर्चा के बीच डिप्टी सीएम मौर्य बोले - ‘संगठन सरकार से ऊपर है!'

राजनीतिक गलियारों में केशव प्रसाद मौर्य के बयान के बारे में कहा जा रहा है कि उनका यह संदेश सीधे तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए था।

सीएम योगी से अनबन की चर्चा के बीच डिप्टी सीएम मौर्य बोले - ‘संगठन सरकार से ऊपर है!'
फोटो: सीएम योगी से अनबन की चर्चा के बीच डिप्टी सीएम मौर्य बोले - ‘संगठन सरकार से ऊपर है!'
लोकसभा चुनाव के बाद से उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार में कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप-मुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य के बीच अनबन चल रही है। रविवार को उत्तर प्रदेश बीजेपी प्रदेश इकाई की बैठक के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संगठन सरकार से बड़ा था, बड़ा है और बड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि वे उप-मुख्यमंत्री बाद में है, पहले संगठन के कार्यकर्ता हैं। उनके घर के दरवाज़े सबके लिए खुले हुए है। राजनीतिक गलियारों में केशव प्रसाद मौर्य के बयान के बारे में कहा जा रहा है कि उनका यह संदेश सीधे तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए था। मुख्यमंत्री योगी के साथ अभी तक मौर्य ने किसी भी बैठक में भाग नहीं लिया है।

ऐसा पहली बार नहीं है, जब मौर्य ने संगठन को सरकार से बड़ा बताया है। 21 अगस्त, 2022 में भी मौर्य ने अपनी यही बात दोहराई थी। उस दौरान मौर्य कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट से चुनाव हार गये थे। उस दौरान भी कई कारणों की वज़ह से मुख्यमंत्री योगी से मौर्य नाराज़ चल रहे थे।

उत्तर प्रदेश बीजेपी इकाई की बैठक में योगी आदित्यनाथ ने साफ़ तौर पर कहा था कि अगर सरकार पर किसी भी तरह की खरोंच आई, तो इसका असर उन लोगों पर भी पड़ेगा, जो लोग अभी से उछल-कूद कर रहे हैं। उन्हें दोबारा ऐसा करने का मौका भी नहीं दिया जायेगा।


मौर्य ने क्या कहा

बीजेपी इकाई की बैठक ख़त्म होने के बाद केशवप्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “संगठन सरकार से बड़ा है। संगठन से बड़ा कोई नहीं होता है। हर एक कार्यकर्ता हमारा गौरव है।” बीजेपी में जो लोग सीएम योगी के विरोधी है, वह यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि पार्टी से कार्यकर्ता नाराज़ चल रहे है। कार्यकर्ताओं की पार्टी में कोई सुन नहीं रहा है। गौर करने वाली बात यह है कि मौर्य के अलावा भी कई बीजेपी नेताओं ने कार्यकर्ताओं के नाराज़ चलने की बात कही है। काफी समय से उत्तर प्रदेश की सरकार में सुधारों की माँग लगातार उठ रही है। बैठक के गोपनीय हिस्से को सार्वजनिक कर देने के बाद से यह माना जा रहा है कि केशव प्रसाद मौर्य आर-पार के मूड में हैं।


सीएम योगी ने क्या कहा था

लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा करते हुए, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि कि पार्टी के ‘अति आत्मविश्वास’ की वजह से बीजेपी की उम्मीदों को लोकसभा के चुनाव में नुक़सान पहुंचा है। पार्टी के वोट विपक्ष की तरफ़ गये है, यही कारण है कि विपक्ष आज बड़ी-बड़ी डींगे हाँक रहा है, और उछल-कूद कर रहा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि कुछ पार्टियां प्रदेश को जाति के आधार पर बाँट रहीं हैं। साथ ही सीएम योगी ने पार्टी को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बीजेपी 2027 में उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी।