Molitics Logo
होम राय और साक्षात्कार धीरेंद्र शास्त्री के चमत्कार से लेकर जातिवाद तक: हिंदू एकता की बात करने वाले बाबा की सोच में इतनी ऊंच-नीच क्यों?
राय और साक्षात्कार

धीरेंद्र शास्त्री के चमत्कार से लेकर जातिवाद तक: हिंदू एकता की बात करने वाले बाबा की सोच में इतनी ऊंच-नीच क्यों?

पर्ची से मन की बात जानने और हनुमान से संपर्क का दावा करने वाले धीरेंद्र शास्त्री अब हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं। उनके बयानों में मुस्लिम विरोध, दलितों और महिलाओं को लेकर विवादित सोच के साथ राम-कृष्ण को ‘हमारे-तुम्हारे’ में बांटने की कोशिश भी दिखती है।

धीरेंद्र शास्त्री के चमत्कार से लेकर जातिवाद तक: हिंदू एकता की बात करने वाले बाबा की सोच में इतनी ऊंच-नीच क्यों?
फोटो: Dhirendra Shastri, Hindu Rashtra, Controversial Statements, Caste Discrimination, Women Remarks

धीरेंद्र शास्त्री की पहचान की शुरुआत पर्ची निकालने से हुई। बागेश्वर धाम में कथा सुनने आने वाले लोगों के सामने वह दावा करते थे कि उन्हें बिना बताए ही लोगों के मन की बातें पता चल जाती हैं। उनके कुछ वीडियो वायरल हुए और धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ती गई। लेकिन धीरेंद्र शास्त्री का पूरा सार्वजनिक व्यक्तित्व सिर्फ धार्मिक कथाओं तक सीमित नहीं है। वह ऐसे दावे भी करते हैं, जिनका सीधा टकराव वैज्ञानिक सोच से होता है।

एक वीडियो में वह दावा करते दिखाई देते हैं कि वह अपने हाथ के जरिए हनुमान जी से संपर्क कर सकते हैं और उनसे लोगों के भविष्य के बारे में सलाह लेते हैं। अब जरा इस दावे को समझिए। मोबाइल फोन से बात करने के लिए ट्रांसमीटर, रिसीवर, प्रोसेसर और एक पूरा कम्युनिकेशन सिस्टम होता है। फोन सिग्नल भेजता है और नेटवर्क के जरिए उसे दूसरी जगह पहुंचाता है। लेकिन इंसान का हाथ मोबाइल फोन की तरह कैसे काम कर सकता है? उसमें कौन-सा ट्रांसमीटर लगा है, कौन-सा रिसीवर है और कौन-सा एंटीना है, जो हजारों किलोमीटर दूर बैठे किसी से संपर्क कर सकता है? अगर हाथ सचमुच फोन की तरह काम कर रहा है, तो उसका कम्युनिकेशन प्रोटोकॉल क्या है? सिग्नल किस फ्रीक्वेंसी पर भेजा जा रहा है और उसे डिकोड कैसे किया जाता है?

और मान भी लें कि हाथ किसी तरह फोन की तरह काम करने लगा, तो दूसरी तरफ कौन है? हनुमान जी। उनका मोबाइल नंबर क्या है? वह किस टेलीकॉम कंपनी का नेटवर्क इस्तेमाल करते हैं? अगर यह संपर्क किसी मोबाइल नेटवर्क से नहीं हो रहा, तो फिर किस माध्यम से हो रहा है? इन सवालों का कोई वैज्ञानिक जवाब सामने नहीं आता। इसे चमत्कार कहकर आगे बढ़ जाना आसान है, लेकिन किसी दावे को सिर्फ चमत्कार कह देने से वह सच नहीं हो जाता।

बीमारी के इलाज को लेकर भी उनके दावे सवाल खड़े करते हैं। एक वायरल वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री एक व्यक्ति से कहते हैं कि उसकी मां का घर बैठे चौथे स्टेज का कैंसर ठीक हो जाएगा और वह आशीर्वाद देते हैं। वहीं, एक दूसरे वीडियो में वह कहते हैं कि घर पर बागेश्वर धाम का नारियल बांध लेने से कोई बीमारी नहीं होगी। ऐसे दावों के बीच अब वह कैंसर अस्पताल बनाने की बात भी कर रहे हैं। सवाल यह है कि अगर आशीर्वाद और नारियल से गंभीर बीमारियां ठीक हो सकती हैं, तो अस्पताल की जरूरत क्यों पड़ेगी? कैंसर जैसी बीमारी का इलाज वैज्ञानिक जांच और प्रमाणित चिकित्सा पद्धति से होता है। किसी बाबा के दावे को इलाज का विकल्प मानना मरीजों के लिए खतरनाक हो सकता है।

धीरेंद्र शास्त्री लोगों की समस्याएं देखकर बताने का दावा करते हैं, लेकिन जब महाराष्ट्र की अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के श्याम मानव ने उन्हें अपने दावों को साबित करने की खुली चुनौती दी, तो यह चुनौती स्वीकार नहीं हुई। चमत्कार भले ही विज्ञान का विकल्प न हो, लेकिन ऐसे दावे लोकप्रियता पाने में खूब मदद करते हैं। और लोकप्रियता मिलने के बाद इन बाबाओं की राजनीति अक्सर धर्म, पहचान और अल्पसंख्यकों के इर्द-गिर्द घूमने लगती है।

चमत्कार से हिंदू राष्ट्र तक का सफर

नवंबर 2025 में धीरेंद्र शास्त्री ने ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा’ निकाली। इसका मकसद हिंदू समाज को एकजुट करना और जागरूकता फैलाना बताया गया। लेकिन यात्रा के दौरान उनके भाषणों में बार-बार हिंदू राष्ट्र की मांग सुनाई दी। एक बयान में उन्होंने सवाल किया कि देश को बम फोड़ने वालों का राष्ट्र चाहिए या सुरक्षा करने वालों का? एक दूसरे बयान में कहा कि हिंदू राष्ट्र बनने से साधु-संत, मठ-मंदिर, हिंदुओं की संपत्ति और बेटियां सुरक्षित रहेंगी। इसके लिए जात-पात भुलाकर एक होना होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुस्तान में जन्म लेने वाला हर व्यक्ति हिंदू है और हिंदू ही तलवार की नोक पर धर्म परिवर्तन नहीं कराते। इसके अलावा कृष्ण जन्मभूमि की ‘मुक्ति’ जैसे मुद्दे भी उनके भाषणों में उठते रहे हैं। इससे पहले 2023 में भी वह भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की बात कर चुके हैं।

यहां सवाल सिर्फ हिंदू राष्ट्र की मांग का नहीं है। सवाल यह है कि जिस हिंदू एकता की बात की जा रही है, उसमें बराबरी की जगह कितनी है? क्योंकि धीरेंद्र शास्त्री के अपने बयानों और व्यवहार में जातिगत भेदभाव की झलक भी दिखाई देती है।

मई 2022 का एक वीडियो याद कीजिए। धीरेंद्र शास्त्री अपनी सभा में भीड़ से एक व्यक्ति को अपने पास बुलाते हैं। वह व्यक्ति उनके पैर छूने की कोशिश करता है, लेकिन धीरेंद्र पीछे हट जाते हैं और कहते हैं, “मुझे छूना मत, अछूत आदमी हो।” ध्यान दीजिए, यहां कोई साथ बैठकर खाना खाने या सामाजिक मेलजोल की बात नहीं हो रही थी। एक व्यक्ति उनके पैर छूना चाहता था और उसे अछूत कहकर दूर कर दिया गया। अब सवाल है कि जिस मंच से हिंदू एकता की बात होती है, वहां किसी इंसान को छूने लायक भी नहीं समझा जाता, तो यह कैसी एकता है?

जिन धर्मग्रंथों से चलाना चाहते हैं देश, उनमें शूद्रों के लिए क्या लिखा है?

हिंदू राष्ट्र की बात करने वाले कई लोग धर्मशास्त्रों को सामाजिक व्यवस्था का आधार बनाने की वकालत करते हैं। लेकिन इन ग्रंथों में वर्ण और जाति के आधार पर जो नियम और सजाएं लिखी गई हैं, उन्हें भी देखना जरूरी है।

ऋग्वेद के पुरुष सूक्त में ब्राह्मण को परम पुरुष का मुख, क्षत्रिय को भुजाएं, वैश्य को जांघें और शूद्र को पैर बताया गया है। इसकी व्याख्या को वर्ण व्यवस्था की धार्मिक जड़ों में गिना जाता है। मनुस्मृति के पहले अध्याय में शूद्र का काम बाकी तीन वर्णों की सेवा बताया गया है। आठवें अध्याय में शूद्र द्वारा किसी द्विज को गाली देने पर उसकी जीभ काटने और ब्राह्मण को धर्म सिखाने पर उसके मुंह और कान में खौलता तेल डालने जैसी सजाओं का उल्लेख मिलता है। इसी अध्याय में ऊंची जाति के व्यक्ति के बराबर बैठने की कोशिश करने पर शूद्र को दंडित करने की बात भी लिखी है।

मनुस्मृति के दसवें अध्याय में शूद्र के धन जमा करने पर रोक और चांडालों को गांव से बाहर रखने जैसी बातें मिलती हैं। गौतम धर्मसूत्र में तो शूद्र के वेद सुनने, पढ़ने या याद करने पर बेहद क्रूर सजाओं का वर्णन है। आज कोई कह सकता है कि ये बहुत पुरानी बातें हैं और अब इन्हें कौन मानता है। लेकिन जब हिंदू राष्ट्र की बात करने वाले लोग इन ग्रंथों को आदर्श व्यवस्था के रूप में पेश करते हैं, तो यह सवाल पूछना जरूरी हो जाता है कि क्या उस व्यवस्था में दलितों और पिछड़ों को बराबरी मिलेगी?

मार्च 2025 में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने मनुस्मृति पर चर्चा की चुनौती देते हुए कहा था कि उसका एक भी अक्षर गलत नहीं है। अब सोचिए, जिस ग्रंथ में शूद्रों के लिए जीभ काटने और कान में खौलता तेल डालने जैसी सजाओं का उल्लेख है, उसके हर अक्षर को सही बताने का क्या अर्थ निकाला जाए?

महिलाओं को लेकर कैसी सोच रखते हैं धीरेंद्र शास्त्री?

धर्म, जाति और वैज्ञानिक सोच को लेकर उनके बयानों के बाद महिलाओं पर उनकी टिप्पणियां भी देखिए। अक्टूबर 2026 में दतिया के पीतांबरा पीठ में दर्शन के बाद उन्होंने नशा, नींद और नारी को युवाओं के भविष्य के लिए घातक बताया। नशे को युवाओं के लिए नुकसानदेह कहना समझ आता है, लेकिन नारी को उसी श्रेणी में रख देना क्या बताता है? महिलाएं किसी के भविष्य को खराब करने वाली चीज हैं या समाज का बराबर हिस्सा?

2026 की शुरुआत में नागपुर में उन्होंने कहा कि बड़े घरानों की महिलाएं और माताएं भी शराब पीने लगी हैं और मां शराब पिएगी तो बच्चे भी वही सीखेंगे। शराब की समस्या पर बात करना जरूरी है, लेकिन क्या यह चिंता पुरुषों की शराबखोरी को लेकर भी उतनी ही दिखाई देती है?

2023 में उनका एक और बयान वायरल हुआ था। उन्होंने कहा कि शादीशुदा महिलाओं की दो पहचान होती हैं—मांग में सिंदूर और गले में मंगलसूत्र। अगर ये दोनों नहीं हैं तो समझो प्लॉट खाली है, और अगर सिंदूर-मंगलसूत्र दिख जाए तो समझ आता है कि रजिस्ट्री हो चुकी है। यानी महिलाओं की तुलना जमीन के प्लॉट से की गई। उनकी अपनी पहचान, इच्छा और स्वतंत्रता की बात गायब है। एक दूसरे बयान में उन्होंने कम कपड़े पहनने वाली महिलाओं की तुलना भैंस से करते हुए कहा था कि अगर कम कपड़े पहनना आधुनिकता है, तो उनकी भैंस ज्यादा मॉडर्न है। किसी महिला के कपड़ों के आधार पर उसका अपमान करना किस तरह की धार्मिक या सामाजिक शिक्षा है?

अब राम और कृष्ण भी ‘हमारे’ और ‘तुम्हारे’ हो गए?

धीरेंद्र शास्त्री के बयानों में भेदभाव की एक और दिलचस्प मिसाल 29 अक्टूबर को सामने आई। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में श्रीराम कथा के दौरान उनका एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें वह राम और कृष्ण की तुलना करते हुए कृष्ण की मुद्रा का मजाक उड़ाते दिखाई देते हैं। वह कहते हैं कि तुम्हारे वाले की तो एक फोटो भी सही नहीं है, वह तीन जगह से टेढ़े खड़े हैं। इसके उलट राम को अपना बताते हुए कहते हैं कि हमारे वाले सीधे खड़े होते हैं, उनका नाम भी सीधा है और उनका धाम अयोध्या भी सीधा है। आगे वह कहते हैं कि बंसी बजाना खेल है, लेकिन धनुष उठाना खेल नहीं।

यहां एक बात समझना जरूरी है। कृष्ण की जिस मुद्रा का मजाक उड़ाया गया, उसे भारतीय मूर्तिकला और नृत्य में ‘त्रिभंग’ कहा जाता है। इसमें शरीर तीन जगह से हल्का झुका हुआ होता है और इसे सौंदर्य की एक विशिष्ट मुद्रा माना गया है। वृंदावन के प्रसिद्ध मंदिरों में से एक ‘बांके बिहारी’ का नाम भी इसी तिरछी मुद्रा से जुड़ा है।

बयान के बाद विवाद हुआ और 13 नवंबर को अखिल भारतीय यादव महासभा ने प्रदर्शन किया। धीरेंद्र शास्त्री ने सार्वजनिक माफी मांगते हुए सफाई दी कि उनकी बात को गलत समझा गया और वह गोपियों तथा सखियों द्वारा कृष्ण को उलाहना देने की परंपरा का जिक्र कर रहे थे। हो सकता है कि उनका इरादा वही रहा हो, लेकिन दर्शक के तौर पर वीडियो में इस्तेमाल किए गए शब्दों पर भी ध्यान देना चाहिए। वहां बार-बार ‘तुम्हारे वाले’ और ‘हमारे वाले’ कहा जा रहा है। राम को अपना और कृष्ण को दूसरे पक्ष का बताने वाली यह भाषा आखिर किस तरह का उलाहना है?

इससे पहले रामभद्राचार्य ने फरवरी 2024 में ब्राह्मण समाज की कुछ उपजातियों को लेकर भी टिप्पणी की थी कि ब्राह्मण लोग उपाध्याय, पाठक, चौबे, त्रिगुणायक और दीक्षित में अपनी लड़कियों की शादी नहीं करते। यानी जाति के भीतर भी ऊंच-नीच की दीवारें मौजूद हैं।

हिंदू एकता के नारे में बराबरी कहां है?

अब पूरी कहानी को एक साथ रखकर देखिए। कभी हाथ से हनुमान से संपर्क करने का दावा, कभी कैंसर और बीमारियों को आशीर्वाद से ठीक करने की बात, फिर हिंदू राष्ट्र का नारा, दलित को अछूत कहना, महिलाओं को प्लॉट और भैंस से जोड़ना और अब राम-कृष्ण को भी अलग-अलग खेमों में बांटना।

सवाल यह है कि जब धीरेंद्र शास्त्री मंच से कहते हैं कि हमारे वाले राम और तुम्हारे वाले कृष्ण, तो ये ‘हमारे’ और ‘तुम्हारे’ कौन हैं? क्या राम किसी एक जाति, संगठन या विचारधारा के हैं? क्या कृष्ण किसी दूसरे के हैं? क्या किसी धर्म या भगवान पर किसी संगठन का कॉपीराइट हो सकता है?

धर्म के नाम पर एकता का नारा देना आसान है, लेकिन बराबरी स्वीकार करना मुश्किल। जिस समाज में दलित को छूने से परहेज हो, महिलाओं की स्वतंत्र पहचान को नकारा जाए, जाति के भीतर भी ऊंच-नीच हो और देवी-देवताओं को भी अपने-पराए में बांटा जाए, वहां एकता किस आधार पर बनेगी?

राम अगर सबके हैं, तो उन्हें ‘हमारे वाले’ और ‘तुम्हारे वाले’ में बांटने की जरूरत ही क्यों पड़ रही है? असली सवाल यही है कि हिंदू समाज को एक करने की बात करने वाले लोग क्या उसे बराबरी का समाज बनाने के लिए भी तैयार हैं?

इस पूरी खबर को वीडियो फॉर्मेट में देखिए के लिए, क्लिक करें नीचे दिए गए लिंक पर - https://youtu.be/Vwbs82y4LOA?si=-fI1GFk6QyzriD5Q

Video