दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान (FZ 1073) में एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। उड़ान के दौरान कॉकपिट में एक अजीब और डरावनी घटना घटी, जब सह-पायलट ने कथित तौर पर विमान को नुकसान पहुंचाने और क्रैश करने की कोशिश की। ऐसे में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छड़ (Captain Smit Machchhar) ने अपनी जान की परवाह न करते हुए गजब की बहादुरी दिखाई और विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतार लिया।
कॉकपिट में क्या हुआ था?
-
चाकू से हमला और संघर्ष: इज़राइली प्रधानमंत्री के मुताबिक, जब विमान इज़राइल के पास था, तब सह-पायलट ने अचानक कैप्टन स्मित मच्छड़ पर हमला कर दिया। इस खींचातानी में विमान सिर्फ दो मिनट में करीब 17,400 फीट नीचे गिर गया था।
-
क्रू और यात्रियों की मदद: घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छड़ ने हमलावर को रोकने की पूरी कोशिश की। इसी दौरान एक क्रू मेंबर और यात्री ने कॉकपिट में घुसकर आरोपी सह-पायलट को दबोच लिया, जिससे विमान को संभाला जा सका।
विमान को कहां उतारा गया?
स्थिति को संभालते हुए विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में कुल 174 लोग (27 बच्चों सहित) सवार थे, जो भारत, इज़राइल, यूएई और अमेरिका के रहने वाले थे। गनीमत रही कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं।
आरोपी और आगे की कार्रवाई
-
आरोपी सह-पायलट को सऊदी अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
-
सुरक्षा को देखते हुए फ्लाईदुबई ने इज़राइल जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को फिलहाल रोक दिया है।
-
अपनी जान जोखिम में डालकर सैकड़ों लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छड़ मूल रूप से मुंबई के रहने वाले हैं और उनके पास विमान उड़ाने का 13 साल से ज्यादा का लंबा अनुभव है।





