Molitics Logo
होम Uttar Pradesh: ‘आजादी की लड़ाई में कहां थे योगी के पूर्वज?’ – ओवैसी ने किया सवाल

Uttar Pradesh: ‘आजादी की लड़ाई में कहां थे योगी के पूर्वज?’ – ओवैसी ने किया सवाल

ओवैसी ने पलटवार करते हुए कहा, "योगी के पूर्वजों में से किसी ने आज़ादी की लड़ाई नहीं लड़ी थी। अगर उर्दू पढ़ने से साइंटिस्ट नहीं बनते, तो योगी ने उर्दू नहीं पढ़ी, फिर वे साइंटिस्ट क्यों नहीं बने?"

Uttar Pradesh:  ‘आजादी की लड़ाई में कहां थे योगी के पूर्वज?’ – ओवैसी ने किया सवाल
फोटो: Asaduddin Owaisi, Yogi,
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने योगी के उस बयान का जवाब दिया, जिसमें कहा गया था कि "उर्दू पढ़ने से साइंटिस्ट नहीं बनते, बल्कि कठमुल्ले बनते हैं।" ओवैसी ने पलटवार करते हुए कहा, "योगी के पूर्वजों में से किसी ने आज़ादी की लड़ाई नहीं लड़ी थी। अगर उर्दू पढ़ने से साइंटिस्ट नहीं बनते, तो योगी ने उर्दू नहीं पढ़ी, फिर वे साइंटिस्ट क्यों नहीं बने?" ओवैसी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ को इतिहास की सही समझ नहीं है। उन्होंने आगे कहा, "उर्दू हमारी आज़ादी की जुबान थी। यह वही भाषा है जिसमें स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देश के क्रांतिकारियों ने नारे लगाए थे, कविताएं लिखी थीं, और लोगों को प्रेरित किया था। लेकिन बीजेपी एक मजहब, एक ज़ुबान, एक तहजीब, और एक ही नेता के एजेंडे को आगे बढ़ा रही है।"

RSS पर साधा निशाना


ओवैसी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "यह सच है कि आर्यन बाहर से आए थे। अगर कोई इस भूमि का असली वंशज है, तो वे केवल आदिवासी और द्रविड़ समुदाय के लोग हैं। लेकिन बीजेपी और RSS इस सच को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।" ओवैसी ने अपने संबोधन में गाजा और फिलिस्तीन के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा, "रमज़ान के महीने में गाजा और फिलिस्तीन के लोगों के लिए दुआ करें। वहां जो कुछ भी हो रहा है, वह अमानवीय है। निर्दोष लोगों पर हमले किए जा रहे हैं।"

ओवैसी के छोटे भाई और AIMIM के वरिष्ठ नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने भी उनके समर्थन में बयान दिया। उन्होंने कहा, "क्या कोई और नेता इतना बेबाक और निडर होकर आपकी आवाज़ उठा सकता है? सीएए, एनआरसी, वक्फ बिल या फिर गिरफ्तारियों का मुद्दा हो, असदुद्दीन ओवैसी लगातार लड़ाई लड़ रहे हैं। यहां बैठकर बयान देना आसान है, लेकिन असली हिम्मत तब होती है जब कोई दुश्मनों के सामने खड़ा होकर अपने हक की बात करता है।"

ओवैसी ने इससे पहले भी योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा, "भारत सरकार ही भारतीय नागरिकों को सलाह दे रही है कि वे इजराइल की यात्रा न करें। यह साफ तौर पर बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकारों की नाकामी को दर्शाता है कि गरीब और मजबूर भारतीयों को इजराइल जाकर मजदूरी करनी पड़ रही है। अगर भारत में पर्याप्त रोजगार के अवसर होते, तो कोई इजराइल क्यों जाता?" उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "योगी आदित्यनाथ और बीजेपी जितनी चाहे उतनी इजराइल भक्ति कर लें, लेकिन हकीकत यह है कि भारत को सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा (रेमिटेंस) अरब देशों से ही मिलती है।"

Read This Also:- उत्तर प्रदेश सरकार ने अंसल प्रापर्टीज के खिलाफ धोखाधड़ी मामले में कसा शिकंजा, दो एफआईआर दर्ज