Molitics Logo
होम भारत की टैरिफ नीति पर फिर गरजे ट्रंप, कहा- ‘अब उनकी सच्चाई दुनिया के सामने है’

भारत की टैरिफ नीति पर फिर गरजे ट्रंप, कहा- ‘अब उनकी सच्चाई दुनिया के सामने है’

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि भारत अब अपने टैरिफ में उल्लेखनीय कटौती करने के लिए सहमत हो गया है। ट्रंप ने दावा किया कि भारत इस बदलाव के लिए मजबूर हुआ है |

भारत की टैरिफ नीति पर फिर गरजे ट्रंप, कहा- ‘अब उनकी सच्चाई दुनिया के सामने है’
फोटो: India's tariff policy
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (7 मार्च, 2025) को भारत की टैरिफ नीति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारत में व्यापार करना बेहद कठिन है क्योंकि वहां के "उच्च टैरिफ" के कारण अमेरिकी उत्पादों को बेचना लगभग असंभव है। राष्ट्रपति ट्रंप ने यह टिप्पणी व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए की, जहां उन्होंने भारत समेत अन्य देशों के साथ अमेरिका के व्यापारिक संबंधों पर खुलकर अपनी राय रखी। राष्ट्रपति ट्रंप ने जोर देकर कहा कि भारत अमेरिका से आयातित वस्तुओं पर भारी शुल्क लगाता है, जिसके चलते अमेरिकी कंपनियों के लिए भारत में अपने उत्पाद बेचना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, उन्होंने यह भी खुलासा किया कि भारत अब अपने टैरिफ में उल्लेखनीय कटौती करने के लिए सहमत हो गया है। ट्रंप ने दावा किया कि भारत इस बदलाव के लिए मजबूर हुआ है क्योंकि "आखिरकार कोई तो उनके किए का पर्दाफाश कर रहा है।"

व्हाइट हाउस से दिए गए बयान में ट्रंप ने कहा, "भारत हम पर भारी शुल्क लगाता है। बहुत भारी शुल्क। आप भारत में कुछ भी नहीं बेच सकते। हालांकि, अब वे सहमत हो गए हैं। वे अपने टैरिफ में कटौती करना चाहते हैं, क्योंकि अब कोई उनके किए की पोल खोल रहा है।" राष्ट्रपति ट्रंप के इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। खासकर ऐसे समय में जब अमेरिका उन देशों पर पारस्परिक टैरिफ (Reciprocal Tariff) लगाने की योजना बना रहा है, जो अमेरिकी उत्पादों पर उच्च दर से शुल्क वसूलते हैं।

2 अप्रैल से लागू होगा पारस्परिक टैरिफ

अमेरिकी प्रशासन ने घोषणा की है कि 2 अप्रैल, 2025 से अमेरिका उन देशों पर पारस्परिक टैरिफ लागू करेगा, जो अमेरिका से आयातित वस्तुओं पर उच्च शुल्क लगाते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका अब उन देशों को फायदा उठाने का मौका नहीं देगा, जो वर्षों से अमेरिका के साथ व्यापार में अनुचित लाभ उठाते आ रहे हैं। ट्रंप ने कहा, "दशकों से दुनिया के लगभग हर देश ने अमेरिका को व्यापारिक मामलों में लूटा है। लेकिन अब यह सब बंद होगा। ट्रंप प्रशासन के तहत, यदि आप अमेरिका के साथ व्यापार करना चाहते हैं, तो आपको टैरिफ का भुगतान करना होगा और कुछ मामलों में यह काफी बड़ा टैरिफ होगा।" राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत के ऑटोमोबाइल टैरिफ नीति का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अमेरिका से आयातित कारों पर 100 प्रतिशत से अधिक टैरिफ लगाता है, जबकि अमेरिका भारतीय कारों पर बहुत कम शुल्क लेता है। उन्होंने इसे "बहुत अनुचित" बताते हुए कहा कि अब अमेरिका भी ऐसे देशों पर कड़ा रुख अपनाएगा।

कांग्रेस में भी भारत पर साधा था निशाना

राष्ट्रपति ट्रंप ने इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए भी भारत की टैरिफ नीति पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि भारत अमेरिका से आयातित ऑटोमोबाइल पर 100% से अधिक टैरिफ वसूलता है, जो पूरी तरह अनुचित है। ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा, "भारत हमसे 100 प्रतिशत से अधिक ऑटो टैरिफ वसूलता है। यह सरासर गलत है। हम भारत से इतना शुल्क नहीं लेते, लेकिन वे हम पर अत्यधिक शुल्क लगाते हैं। अब हमने फैसला किया है कि हम भी उन पर टैरिफ लगाएंगे।" उन्होंने कहा कि अमेरिका ने दशकों तक इस असमान व्यापार नीति को झेला है, लेकिन अब उनके प्रशासन के तहत ऐसा नहीं होगा। ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया कि अब अमेरिका भी उन देशों पर टैरिफ लगाएगा, जो अमेरिकी उत्पादों पर ज्यादा शुल्क लगाते हैं।

Read This Also:- ट्रंप के टैरिफ बयान पर कांग्रेस का सवाल, जयराम रमेश बोले- "क्या मोदी सरकार ने भारतीय हितों से समझौता किया?"