"वक्फ बिल तुष्टिकरण की राजनीति का अंत करेगा"
केंद्रीय मंत्री ने विधेयक को तुष्टिकरण की राजनीति के "अंतिम संस्कार" के रूप में परिभाषित किया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "राहुल गांधी हमेशा कहते हैं कि देश की संपत्ति कुछ गिने-चुने लोगों के हाथ में है, लेकिन राहुल जी, लाखों करोड़ की वक्फ संपत्ति दो सौ लोगों के हाथ में देने का फैसला किसने किया?"
ठाकुर ने वक्फ अधिनियम की धारा 40 को "तुगलकी फरमान" बताते हुए कहा, "इसमें प्रावधान है कि संपत्ति दान करने वाला किसी भी धर्म का हो सकता है, लेकिन उसका प्रबंधन केवल मुस्लिम ही करेगा। क्या यही न्याय है?"
अनुराग ठाकुर ने कर्नाटक में वक्फ संपत्तियों से जुड़े कथित घोटालों का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कर्नाटक में जो घोटाले हुए, उनमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम भी आता है। क्या विपक्ष इस पर जवाब देगा?" अनुराग ठाकुर ने कर्नाटक विधानसभा की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इसमें कई कांग्रेस नेताओं के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने वक्फ की संपत्तियों पर अवैध कब्जा कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ संपत्तियों के कारण आम आदमी को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, क्योंकि कई मामलों में एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) लेना पड़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि वक्फ संपत्तियों का विस्तार इतना बढ़ गया है कि यह नौ लाख एकड़ तक पहुंच चुका है, जो मॉरीशस जैसे दो देशों, सिंगापुर जैसे पांच देशों और मालदीव जैसे नौ देशों के बराबर है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने केवल वोटबैंक की राजनीति की है और वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग किया है।
उत्तर प्रदेश और केरल में वक्फ संपत्तियों का मुद्दा
अनुराग ठाकुर ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लाल टोपी पहनने वालों ने अपने कार्यकाल में सैकड़ों एकड़ जमीन हड़प ली। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा दोनों न केवल हिंदू विरोधी हैं बल्कि मुस्लिम समुदाय के भीतर भी भेदभाव करती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि केरल में वक्फ संपत्तियों को लेकर अराजकता बनी हुई है और वायनाड में भी इस मुद्दे पर कांग्रेस कुछ नहीं कह रही है। ठाकुर ने वक्फ बोर्ड को "बेलगाम" बताते हुए कहा कि यह अब सूरत नगर निगम की संपत्तियों को भी "मुगलों की संपत्ति" बताने में जुट गया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि वक्फ बोर्ड ने भगवान श्रीकृष्ण की नगरी बेट द्वारका के दो द्वीपों पर भी दावा कर दिया है। उन्होंने सवाल किया कि "क्या भगवान श्रीकृष्ण के समय इस्लाम धर्म अस्तित्व में था?"
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड जल्द ही नेशनल हेराल्ड और आनंद भवन पर भी दावा करने वाला है और कांग्रेस को चुनौती दी कि क्या वे इसे वक्फ को सौंप देंगे। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि वक्फ बोर्ड ने 100 से अधिक एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) द्वारा संरक्षित संपत्तियों पर भी दावा किया है।
वक्फ की आय और पारदर्शिता का मुद्दा
ठाकुर ने आरोप लगाया कि वक्फ संपत्तियों से होने वाली आय 12,000 करोड़ रुपये वार्षिक होनी चाहिए थी, लेकिन यह अब बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने सवाल किया कि इस राशि का लाभ किसे मिल रहा है और कांग्रेस नेताओं को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, जबकि केंद्र सरकार वक्फ बोर्ड को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना चाहती है। ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा "जमींदार" खड़ा कर दिया है, जिसने हजारों एकड़ संपत्तियां हड़प ली हैं।





