Molitics Logo
होम हाथरस में हैवान बना प्रोफेसर, छात्राओं का यौन शोषण कर बनाता था अश्लील वीडियो

हाथरस में हैवान बना प्रोफेसर, छात्राओं का यौन शोषण कर बनाता था अश्लील वीडियो

पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी के मोबाइल फोन से 65 अश्लील वीडियो बरामद किए गए हैं, जिनमें से अधिकांश कॉलेज की छात्राओं के थे।इतना ही नहीं, उसने |

हाथरस में हैवान बना प्रोफेसर, छात्राओं का यौन शोषण कर बनाता था अश्लील वीडियो
फोटो: हाथरस में हैवान बना प्रोफेसर, छात्राओं का यौन शोषण कर बनाता था अश्लील वीडियो
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सेठ पी.सी. बागला डिग्री कॉलेज के भूगोल प्रोफेसर और चीफ प्रॉक्टर डॉ. रजनीश कुमार पर 30 से अधिक छात्राओं के यौन शोषण का आरोप लगा है। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी के मोबाइल फोन से 65 अश्लील वीडियो बरामद किए गए हैं, जिनमें से अधिकांश कॉलेज की छात्राओं के थे। इतना ही नहीं, उसने इनमें से कई वीडियो पोर्न साइट्स पर भी अपलोड किए थे।

छात्रा की चिट्ठी से खुला शर्मनाक सच


इस घिनौने कृत्य का खुलासा तब हुआ जब 6 मार्च को एक पीड़ित छात्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई। इस पत्र के साथ उसने कुछ वीडियो और तस्वीरें भी भेजीं, जिनमें प्रोफेसर की करतूतों का सबूत था। छात्रा ने अपनी चिट्ठी में लिखा कि रजनीश कुमार छात्राओं को अच्छे नंबर और नौकरी का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था, और जो छात्राएं मना करतीं, उन्हें धमकाया जाता। पीड़िता ने यह भी बताया कि उसने पिछले एक साल में कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थी और आत्महत्या तक का विचार करने लगी थी।

राष्ट्रीय महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने जब आरोपी प्रोफेसर से पूछताछ की, तो उसने अपना मोबाइल फोन सौंप दिया। हालांकि, उसने पहले ही डेटा डिलीट कर दिया था, लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी सहायता से डेटा रिकवर कराया, तो मोबाइल से 65 आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए। इनमें कई वीडियो पोर्न साइट्स पर अपलोड किए जाने के प्रमाण भी मिले। इस खुलासे के बाद 13 मार्च को हाथरस गेट थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

शिकायतों को लगातार किया गया नजरअंदाज


जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पिछले 18 महीनों में छात्राओं ने पांच बार कॉलेज प्रशासन से इस प्रोफेसर की शिकायत की थी, लेकिन हर बार मामले को दबा दिया गया। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि कॉलेज प्रबंधन इस अपराध में कहीं न कहीं शामिल हो सकता है या आरोपी को संरक्षण दे रहा था। घटना के प्रकाश में आने के बाद हाथरस के डीएम राहुल पांडेय ने इस मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की, जिसमें एसडीएम सदर, सीओ सिटी, तहसीलदार सादाबाद और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शामिल हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जानकारी दी कि आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। हालांकि, फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Read This Also:- "इतिहास को न मिटाएं, मराठों की बहादुरी की कहानी सुनाती है औरंगजेब की कब्र" – संजय राउत