Molitics Logo
होम Nagpur violence: उपमुख्यमंत्री शिंदे का सख्त बयान – ‘साजिश के तहत की गई हिंसा, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई’

Nagpur violence: उपमुख्यमंत्री शिंदे का सख्त बयान – ‘साजिश के तहत की गई हिंसा, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई’

इस मामले पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह हिंसा एक साजिश के तहत भड़काई गई थी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Nagpur violence:  उपमुख्यमंत्री शिंदे का सख्त बयान – ‘साजिश के तहत की गई हिंसा, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई’
फोटो: Nagpur violence: उपमुख्यमंत्री शिंदे का सख्त बयान – ‘साजिश के तहत की गई हिंसा, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई’
महाराष्ट्र के नागपुर में औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर दो गुटों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि हिंसा भड़क उठी। इस दौरान भीड़ ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और पुलिस पर भी पत्थरबाजी की। हालात पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस मामले पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह हिंसा एक साजिश के तहत भड़काई गई थी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

40 से अधिक लोग हिरासत में, पुलिस की सख्त कार्रवाई


हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि 4-5 नागरिकों के भी जख्मी होने की खबर है। अब तक 40 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है, और शहर के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नागपुर के महाल इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। पुलिस अपराधियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो क्लिप की जांच कर रही है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हिंसा की कड़ी निंदा करते हुए जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा, "नागपुर के महाल इलाके में स्थिति को तनावपूर्ण बनाना निंदनीय है। पुलिस पर पत्थरबाजी करना पूरी तरह गलत है। मैं हालात पर नजर बनाए हुए हूं और पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। अगर कोई दंगा फैलाने, पत्थरबाजी करने या समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।"

नागपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. रविंदर सिंघल ने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि हिंसा की शुरुआत तब हुई जब एक तस्वीर जलाई गई, जिससे लोगों का जमावड़ा बढ़ गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और अब तक कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। फिलहाल, नागपुर में माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है, लेकिन पुलिस हर संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरत रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Read This Also:- Nagpur Violence: 10 इलाकों में कर्फ्यू, 65 उपद्रवी हिरासत में, 25 पुलिसकर्मी घायल