Molitics Logo
होम "महाकुंभ में हुई मौतों का हिसाब दो", अयोध्या सांसद ने योगी सरकार पर साधा निशाना

"महाकुंभ में हुई मौतों का हिसाब दो", अयोध्या सांसद ने योगी सरकार पर साधा निशाना

अवधेश प्रसाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, सबसे ज्यादा हैरानी तो तब हुई जब देश के एक बड़े शंकराचार्य ने सवाल उठाया तो मुख्यमंत्री |

"महाकुंभ में हुई मौतों का हिसाब दो", अयोध्या सांसद ने योगी सरकार पर साधा निशाना
फोटो: Ayodhya, Maha Kumbh
अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने महाकुंभ में श्रद्धालुओं की मौत के मुद्दे पर योगी सरकार पर जमकर हमला बोला है। मीडिया में ममता बनर्जी के 'मृत्युकुंभ' बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में अवधेश प्रसाद ने कहा कि महाकुंभ में न जाने कितने लोगों की जान चली गई है। उन्होंने कहा, "आज न जाने कितने लोग सवाल पूछ रहे हैं कि हमारे पापा नहीं आए, हमारे दादा नहीं आए, हमारी मम्मी और बहनें नहीं आईं। पूरा देश इस त्रासदी का हिसाब मांग रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केवल लीपापोती में जुटे हुए हैं।"

मुख्यमंत्री पर कसा तंज, शंकराचार्य के बयान का दिया हवाला


अवधेश प्रसाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, "सबसे ज्यादा हैरानी तो तब हुई जब देश के एक बड़े शंकराचार्य ने सवाल उठाया, तो मुख्यमंत्री ने इसे अफवाह करार दे दिया। जब इतनी मौतें हो चुकी हैं, तब भी प्रदेश का मुखिया कह रहा है कि यह महज अफवाह है! यह हिंदू धर्म के मूल सिद्धांतों के विपरीत आचरण है।" उन्होंने आगे कहा कि शंकराचार्य ने मुख्यमंत्री को झूठा करार दिया और उनसे इस्तीफे की मांग की। अवधेश प्रसाद ने कहा, "एक जिम्मेदार पद पर बैठा व्यक्ति अगर इस तरह के बयान दे, तो यह जनता के साथ धोखा है।"

जब अवधेश प्रसाद से मीडिया ने बीजेपी द्वारा समाजवादी पार्टी (सपा) को 'सनातन विरोधी' कहे जाने पर सवाल किया, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "अगर सपा सनातन विरोधी होती, तो मैं अयोध्या जनपद का सांसद नहीं होता। यह भाजपा का महज एक ढोंग है। हम सनातन धर्म का आचरण करते हैं और सभी धर्मों का आदर करते हैं।"

अवधेश प्रसाद ने योगी सरकार से मांग की कि महाकुंभ में हुई मौतों का सही आंकड़ा जनता के सामने लाया जाए और पीड़ित परिवारों को मुआवजा और न्याय मिले। उन्होंने कहा, "जनता को भ्रमित करने की जगह सरकार को सच बताना चाहिए और जिम्मेदारी से काम करना चाहिए।"

Read This Also:- योगी सरकार के बजट पर सपा का हमला, शिवपाल बोले- "2027 में जनता के लिए लाएंगे सही बजट"