दिल्ली में बीजेपी सरकार बनने के बाद से लगातार कई बड़े फैसले लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने राजधानी में 250 मोहल्ला क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से बंद करने का ऐलान किया है। उन्होंने यह दावा किया कि ये क्लीनिक केवल कागजों पर मौजूद थे और उन्हें किराए की जमीन पर खोलने की तैयारी चल रही थी।
स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने आरोप लगाया कि इन क्लीनिक्स के लिए रेंट के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही थीं। उन्होंने इस योजना को पूरी तरह से 'फ्रॉड का अड्डा' करार दिया। उनका कहना है कि पिछली सरकार की कई योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित थीं और वर्तमान सरकार ऐसे प्रोजेक्ट्स को जारी रखने के बजाय नई योजनाएं बनाएगी, जिससे दिल्ली का स्वास्थ्य ढांचा बेहतर किया जा सके।
आयुष्मान योजना पर बड़ा अपडेट
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री पंकज सिंह ने आयुष्मान भारत योजना को लेकर भी अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही केंद्र सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) साइन किया जाएगा, जिसके बाद 8 मार्च से इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
इसके अलावा, उन्होंने राजधानी में डेंटल वैन सर्विस शुरू करने की घोषणा भी की। इस पहल के तहत, 10 मोबाइल डेंटल वैन ग्रामीण इलाकों में तैनात की जाएंगी, ताकि लोगों को उनके घर के पास ही डेंटल ट्रीटमेंट मिल सके।
अस्पतालों के संचालन में भी बड़ा बदलाव
दिल्ली सरकार ने सरकारी अस्पतालों के प्रशासनिक ढांचे में भी बदलाव करने का फैसला किया है। पहले एक मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (MS) को कई अस्पतालों की जिम्मेदारी दी जाती थी, लेकिन अब प्रत्येक अस्पताल के लिए एक अलग MS नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा, इन अधिकारियों का हर तीन साल में ट्रांसफर किया जाएगा, ताकि प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनी रहे।
स्वास्थ्य मंत्री के इन फैसलों से साफ है कि दिल्ली सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि, मोहल्ला क्लीनिक को बंद करने का फैसला विवादों को भी जन्म दे सकता है, क्योंकि यह पिछली सरकार की एक बड़ी स्वास्थ्य पहल थी, जिसे जनता के एक बड़े वर्ग का समर्थन प्राप्त था।
Read This Also:- Delhi: अब ‘तुगलक लेन’ नहीं, सांसदों ने अपने आवास का नाम बदलकर किया ‘विवेकानंद मार्ग’
Read This Also:- Delhi: अब ‘तुगलक लेन’ नहीं, सांसदों ने अपने आवास का नाम बदलकर किया ‘विवेकानंद मार्ग’





