Molitics Logo
होम Bihar Assembly: नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप, विधानसभा में हंगामा, माफ़ी की माँग

Bihar Assembly: नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप, विधानसभा में हंगामा, माफ़ी की माँग

बिहार विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और अन्य विपक्षी दलों ने जमकर |

Bihar Assembly: नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप, विधानसभा में हंगामा, माफ़ी की माँग
फोटो: Bihar Assembly: नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप, विधानसभा में हंगामा, माफ़ी की माँग
बिहार विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और अन्य विपक्षी दलों ने जमकर हंगामा किया। जैसे ही सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश के एक वीडियो पर सवाल उठाते हुए कार्य स्थगन का प्रस्ताव पेश किया। वीडियो में नीतीश कुमार राष्ट्रगान के दौरान हिलते-डुलते, हंसते और हाथ जोड़ते हुए नजर आ रहे थे। तेजस्वी यादव ने कहा, "राष्ट्रगान का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।" इसके बाद विपक्षी विधायक वेल में आकर हंगामा करने लगे, कुछ विधायक रिपोर्टर टेबल पर भी चढ़ गए। सदन में बढ़ते हंगामे को देखते हुए स्पीकर ने कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। पहले सत्र में सदन की कार्यवाही केवल 8 मिनट तक चली, और विपक्षी नेताओं ने विधानसभा में पूरी तरह से विरोध प्रदर्शन किया। 

 सदन की कार्यवाही से पहले भी विपक्षी विधायकों ने विधानसभा पोर्टिको में सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। विधायक हाथों में पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे और नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। इससे पहले, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह राष्ट्रगान के दौरान अनुशासनहीनता करते हुए दिखे। इस वीडियो के वायरल होते ही विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री पर राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। वीडियो के आधार पर विपक्षी दलों ने नीतीश कुमार के खिलाफ तीव्र विरोध व्यक्त किया और उन्हें देशवासियों से माफी मांगने की मांग की।

 तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमसे उम्र में बड़े हैं और हम उनका सम्मान करते हैं, लेकिन जिस तरह से उन्होंने राष्ट्रगान के दौरान अनुशासनहीनता की, उससे बिहारियों को गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार ने बिहारी होने के नाते हमें शर्मिंदा किया है। उन्हें देश की 140 करोड़ जनता से माफी मांगनी चाहिए।" तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि यह पहली बार है जब किसी राज्य के मुख्यमंत्री को राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया जा रहा है, और यह बिहार की प्रतिष्ठा के लिए एक काला धब्बा है। वहीं, बिहार विधान परिषद की कार्यवाही भी 10 मिनट में स्थगित हो गई। परिषद में विपक्षी सदस्यों ने सीएम नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। आरजेडी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने कार्यस्थगन प्रस्ताव पेश किया, जिसे सभापति अवधेश नारायण सिंह ने नियम विरुद्ध बताते हुए अस्वीकृत कर दिया। इसके बावजूद विपक्ष के सदस्य शोर मचाते हुए नारेबाजी करने लगे। 

विधान परिषद में नेता विपक्ष राबड़ी देवी ने कहा कि राष्ट्रगान का अपमान सीधे तौर पर देश का अपमान है, और नीतीश कुमार को इसके लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए। इस पर सभापति ने कहा कि इस तरह की बातें बिहार का अपमान करने के बराबर हैं और कोई भी इस संबंध में कार्यवाही में दर्ज नहीं की जाएगी। जदयू के नीरज कुमार ने भी विपक्षी सदस्यों का विरोध किया और कहा कि इस मामले को लेकर गलत माहौल बनाया जा रहा है। शोर-शराबे के बीच औपचारिक कार्यवाही पूरी की गई और सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी दलों का हंगामा जारी रहा, और इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है।

Read This Also:- बिहार में एनकाउंटर राज, STF के ऑपरेशन में कुख्यात लुटेरा चुनमुन झा की मौत, साथी मौके से फ़रार